Gurugram Biker Girl Shivani Chauhan: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर हुए बहुचर्चित बाइकर गर्ल हादसे में अब नया मोड़ आ गया है. कार चालक कल्याण बैंसला द्वारा सफाई दिए जाने के बाद, अब पीड़िता शिवानी चौहान (Shivani Chauhan) के पिता रोशन चौहान और उनके भाई दीपांकर का बड़ा बयान सामने आया है. परिजनों ने आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला के सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए पुलिस से सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
'कल्याण बैंसला के दावे झूठे, जानबूझकर मारी गई टक्कर'
पीड़िता के पिता रोशन चौहान ने आरोपी कल्याण बैंसला द्वारा बाइकर्स पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वीडियो फुटेज देखने से साफ पता चलता है कि कौन किसे परेशान कर रहा था. उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य एक्सीडेंट नहीं था, जो दो नादान चालकों की गलती से हो जाए, बल्कि यह जानबूझकर गाड़ी से हिट करने की एक क्रिमिनल कोशिश थी.
रोशन चौहान ने कहा कि गाड़ी में बैठे लोग किसी शरीफ मानसिकता के नहीं थे, बल्कि उनकी मंशा आपराधिक थी. बीच सड़क पर इस तरह किसी लड़की की बाइक को टक्कर मारना अक्षम्य अपराध है.
'नशे में थे कार सवार, काफी देर से कर रहे थे पीछा'
पीड़िता शिवानी चौहान के भाई दीपांकर ने घटना की खौफनाक सच्चाई बताते हुए बड़ा दावा किया. दीपांकर के मुताबिक, कार में 4 लोग सवार थे और वे सभी अत्यधिक शराब के नशे में थे. वे सड़क पर काफी देर से बाइक का पीछा कर रहे थे. शिवानी और उसके साथी बाइकर्स ने कार सवारों को दूरी बनाए रखने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन कार सवारों ने ओवरटेक करते हुए जानबूझकर टक्कर मार दी.
यह पढ़ें: बाइकर गर्ल को टक्कर के बाद क्यों भागे आरोपी कल्याण बैंसला? अब कैमरे पर बताई हादसे की दूसरी कहानी
कालकाजी से AAP की प्रत्याशी रह चुकी हैं शिवानी चौहान
आपको बता दें कि हादसे का शिकार हुई बाइकर गर्ल शिवानी चौहान सामाजिक कार्यों से जुड़ी हुई हैं. उनके पिता ने बताया कि शिवानी वर्ष 2022 के नगर निगम चुनाव में दिल्ली के कालकाजी वार्ड से आम आदमी पार्टी (AAP) की सबसे कम उम्र की पार्षद प्रत्याशी भी रह चुकी हैं.
'बेटी मेंटली ट्रॉमा में, रात को आ रहे डरावने सपने'
दीपांकर ने बताया कि शिवानी शारीरिक चोटों से उबर रही है, लेकिन हादसे के बाद से वह गहरे मेंटली ट्रॉमा में है. सोते समय उसके दिमाग में बार-बार वही एक्सीडेंट और चेजिंग का खौफनाक मंजर आ रहा है. परिजनों ने बताया कि उनका वकील भतीजा गुरुग्राम में पुलिस स्टेशन जाकर औपचारिक शिकायत दर्ज करा रहा है. परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव तथा हिट एंड रन की सख्त धाराओं में केस चलाया जाए.
ADVERTISEMENT


