Gurugram Road Rage: हरियाणा के गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुए बहुचर्चित बाइक एक्सीडेंट और हिट एंड रन मामले में पीड़िता बाइकर गर्ल शिवानी चौहान (Shivani Chauhan) का नया वीडियो सामने आया है. शिवानी ने आरोपी कल्याण बैंसला (Kalyan Bainsla) द्वारा लगाए गए तंग करने के आरोपों का जवाब दिया है. वीडियो में पीड़ित शिवानी ने कल्याण के सभी दावों को खारिज कर दिया है.
ADVERTISEMENT
'लंबी चोटी देखकर समझ गए थे कि लड़की चला रही है'
कार चालक कल्याण बैंसला के इस दावे पर कि उन्हें नहीं पता था कि बाइक पर लड़की है, शिवानी ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके बाल काफी लंबे थे और पीछे चोटी बनी हुई थी, जिसे कोई भी आसानी से देख सकता था.
शिवानी ने आरोप लगाया कि कार सवारों ने उनकी लंबी चोटी देखकर ही उन्हें नोटिस किया, इशारे किए और बाइक रोकने के लिए कहा. इसके बाद वे पूरे रास्ते बाइक का पीछा करते रहे.
'हिट एंड रन साबित करने के लिए दो वीडियो ही काफी'
कल्याण बैंसला द्वारा 22-23 बाइकर्स होने और वीडियो एडिट करने के आरोपों पर शिवानी ने कहा कि क्या हिट एंड रन का अपराध साबित करने के लिए दो वीडियो काफी नहीं हैं.
यह पढ़ें: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला आरोपी कौन? सामने आई कल्याण बैंसला की पूरी कुंडली
शिवानी ने कहा कि एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार पहली लेन से सीधे तीसरी लेन में आकर बाइक को जोरदार टक्कर मारती है और भाग जाती है. वहीं दूसरे कैमरे के फुटेज में वह खुद कार से घिसटकर सड़क पर गिरती हुई दिखाई दे रही हैं.
'सिम्पैथी कार्ड खेल रहे हैं आरोपी, मौके पर देखने तक नहीं रुके'
कल्याण बैंसला द्वारा मीडिया में हमदर्दी जताने पर शिवानी ने तीखा हमला बोला. शिवानी ने कहा कि आरोपी अब सिम्पैथी कार्ड (Sympathy Card) खेल रहे हैं.
यह पढ़ें: बाइकर गर्ल को टक्कर के बाद क्यों भागे आरोपी कल्याण बैंसला? अब कैमरे पर बताई हादसे की दूसरी कहानी
शिवानी ने सवाल उठाया कि अगर कार चालक को इतना ही दुख हो रहा था, तो वे एक्सीडेंट के वक्त मौके पर क्यों नहीं रुके. उन्होंने देखने की भी कोशिश नहीं की कि बाइक सवार जिंदा है या मर गया. दो-तीन सेकंड के फर्क से उनकी हड्डियां टूट सकती थीं या ऑन द स्पॉट जान जा सकती थी.
'दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर अनसेफ महसूस करती हैं महिलाएं'
शिवानी ने दुख जताते हुए कहा कि ऐसे लोगों की वजह से दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर महिलाओं को असुरक्षित महसूस होता है. उन्होंने कहा कि आरोपियों को यह सोचना चाहिए कि उनके घर में भी बहन-बेटियां हैं. शिवानी ने उनका समर्थन कर रहे लोगों का धन्यवाद किया और उम्मीद जताई कि ऐसे लोगों को सड़क पर गाड़ी चलाने का सही तरीका सिखाया जाना चाहिए.
यह पढ़ें: गुरुग्राम बाइकर गर्ल सिया के पिता आए सामने, आरोपी कल्याण बैंसला काे लेकर की ये मांग
ADVERTISEMENT


