Gurugram Woman Biker Accident: रियाणा के गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर रोड रेज का एक खौफनाक मामला सामने आया है. यहां अपनी 5 लाख रुपये की स्पोर्ट्स बाइक से संडे मॉर्निंग राइड पर निकली महिला राइडर सिया को एक सफेद रंग की सियाज कार ने तेजी से ओवरटेक करते हुए जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर गई और उसकी स्पोर्ट्स बाइक काफी दूर तक घिसटती हुई चली गई. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
कार मालिक निकला भारतीय सेना का जवान
वायरल वीडियो में दिख रही सियाज कार (HR 30Y 4949) की आरसी (RC) डिटेल जब लोगों ने ऑनलाइन निकाली तो गाड़ी पलवल निवासी मनीष के नाम रजिस्टर्ड मिली. 'हरियाणा तक' की टीम ने जब कार मालिक मनीष से फोन पर बात की तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया. मनीष ने बताया कि वह भारतीय सेना (Indian Army) में सेवाएं दे रहे हैं और वर्तमान में ऑन ड्यूटी हैं. उन्होंने बताया कि उनका एक दोस्त उनसे दो दिनों के लिए गाड़ी मांग कर ले गया था और उसने आगे अपने किसी रिश्तेदार को कार दे दी, जिसने यह एक्सीडेंट किया. फौजी मनीष ने बताया कि लोग उनकी गाड़ी का नंबर देखकर लगातार उन्हें फोन कर रहे हैं और गालियां दे रहे हैं, जिससे वह काफी परेशान हैं.
पीड़ित महिला राइडर का दावा- कार सवार नशे में थे
पीड़िता सिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर घटना का सीसीटीवी/डैशकैम वीडियो शेयर करते हुए बताया कि सियाज कार में सवार युवकों ने पहले उनका पीछा किया और कार पास लाने की कोशिश की. जब उन्होंने दूरी बनाए रखने को कहा, तो चालक ने तेजी से गाड़ी भगाकर जानबूझकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी. सिया ने दावा किया है कि कार चला रहा युवक और उसके साथी नशे की हालत में थे. घटना के बाद आरोपी मौके से कार भगा ले गया.
गुरुग्राम पुलिस ने लिया सुओ मोटो संज्ञान, FIR दर्ज
घटना का वीडियो वायरल होने और सोशल मीडिया पर लोगों के भारी गुस्से के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता से संपर्क साधा जा रहा है और गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


