Jhajjar Mandauthi Village Firing News: हरियाणा के झज्जर जिले में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग का मामला सामने आया है. मांडौठी गांव में कार सवार हमलावरों ने दो युवकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. इस हमले में फार्महाउस मालिक का छोटा भाई और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने वारदात के दौरान करीब 14 राउंड फायरिंग की. घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है.
ADVERTISEMENT
हरिओम को रास्ते में घेरा, बचकर निकले तो भाई पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना 9 नवंबर की रात करीब 8:15 बजे की है. मांडौठी गांव निवासी फार्महाउस मालिक हरिओम को कुछ लोगों ने रास्ते में घेर लिया था. हालांकि, हरिओम किसी तरह वहां से बचकर निकलने में कामयाब रहा. इसके बाद उसने अपने छोटे भाई हरदीप को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी. आरोप है कि हरिओम के हाथ नहीं आने पर हमलावरों ने उसके भाई हरदीप और दोस्त जोगिंदर को निशाना बना लिया. कार में सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान करीब 14 राउंड गोलियां चलाई गईं. गोली लगने से हरदीप और जोगिंदर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.
महिला समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घायलों के पिता बल्लू की शिकायत पर पुलिस ने मुकेश उर्फ गूंगा, साहिल, भतेरी, कृष्ण, भोंदू, रोहित उर्फ काला और सोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों में एक महिला भी शामिल है. पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
एक घायल की हालत गंभीर, पेट से निकाली गईं गोलियां
फायरिंग में घायल हरदीप और जोगिंदर को बहादुरगढ़ के ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, एक घायल की हालत बेहद गंभीर थी. उसके पेट में फंसी गोलियों को निकालने के लिए इमरजेंसी सर्जरी करनी पड़ी. वहीं, दूसरे घायल को भी गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
इनपुट: प्रथम शर्मा
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम: रात को फोन आने पर घर से निकला था हिस्ट्रीशीटर दीपक, सुबह हाईवे की सर्विस लेन पर मिला शव!
ADVERTISEMENT


