अंकित बालियान के परिवार से मिले मासूम शर्मा... गोगी गैंग की धमकियों पर खुलकर बोले, जानें क्या कहा

Masoom Sharma Visited Ankit Baliyan Home: हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की हत्या के बाद मशहूर सिंगर मासूम शर्मा उनके शामली स्थित आवास पहुंचे. मासूम शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया. इस दौरान मासूम शर्मा ने गोगी गैंग की धमकियों, बढ़ती गुंडागर्दी और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई को लेकर बेबाक बयान दिया.

 मासूम शर्मा और पूर्व मंत्री संजीव बालियान ने अंकित बालियान के परिवार से मिले
मासूम शर्मा और पूर्व मंत्री संजीव बालियान ने अंकित बालियान के परिवार से मिले
Google CTA

Masoom Sharma On Ankit Baliyan Murder Case: शामली जनपद में हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद से ही पूरे प्रदेश और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक और आक्रोश का माहौल है. राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों का लगातार पीड़ित परिवार के घर आना-जाना जारी है. इसी कड़ी में मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, दिवंगत अंकित बालियान के बंतीखेड़ा स्थित निवास पहुंचे. दोनों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा जताया.

Read more!

गोगी गैंग की धमकियों और अपराध पर तोड़ी चुप्पी

अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कथित तौर पर गोगी गैंग द्वारा जिम्मेदारी लेने और अन्य कलाकारों को धमकियां दिए जाने के मामले पर मासूम शर्मा ने बेबाकी से अपनी बात रखी. परिजनों से मुलाकात के बाद उन्होंने बढ़ते अपराध और बदमाशों के दुस्साहस पर चिंता जताई. मासूम शर्मा ने कहा कि किसी भी कलाकार या आम नागरिक के साथ इस तरह की बर्बरता पूरी तरह असहनीय है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि गैंगस्टरों और शूटरों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई की जाए जो दूसरों के लिए नजीर बने.

पूर्व मंत्री संजीव बालियान ने भी परिवार को बंधाया ढांढस

मासूम शर्मा के साथ पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने भी पीड़ित परिवार का दुख बांटा. उन्होंने कहा कि अंकित बालियान एक उभरते हुए कलाकार और समाज के होनहार युवा थे, जिनकी इस तरह हत्या किया जाना बेहद दुखद है. उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी.

यह पढ़ें: अंकित बालियान हत्याकांड: वारदात से 2 घंटे पहले की CCTV फुटेज आई सामने, जानिए कैसे पुलिस को छका रहे शूटर आर्यन और सत्यम

यह पढ़ें: Ankit baliyan Case: मजदूरी करने वाले सुमित के एनकाउंटर होने के बाद पिता ने बताई पूरी कहानी

इंसाफ की मांग तेज, म्यूजिक इंडस्ट्री में भारी गुस्सा

अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस अब तक कई कोणों से जांच कर रही है. घटना में शामिल कुछ आरोपियों व शूटरों की पहचान के बाद पुलिस धरपकड़ में जुटी है. वहीं मासूम शर्मा के पहुंचने से परिजनों को काफी संबल मिला है. मासूम शर्मा ने स्पष्ट किया कि जब तक अंकित के परिवार को पूरा न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे इस लड़ाई में परिवार के साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने सरकार से कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाले गैंगस्टरों का सफाया करने की अपील की.

यह भी पढ़ें: अंकित बालियान केस में सुमित-मोहित के एनकाउंटर पर गोगी गैंग का नया दावा! वायरल पोस्ट ने मचाई हलचल, जानें उसमें क्या लिखा?