हरियाणा: ट्रैफिक चेकिंग के दौरान असलम और ASI पंकज कुमार के बीच हुई थप्पड़बाजी, जानें आखिर इस हाई वोल्टेज ड्रामे की क्या है वजह

प्रदीप रेढू

• 05:17 PM • 07 Oct 2026

Panipat ASI slap Viral Video: हरियाणा के पानीपत स्थित संजय चौक पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया. बिना नंबर प्लेट की बाइक चला रहे असलम नाम के युवक से एएसआई पवन कुमार की बहस हो गई. बात इतनी बढ़ी कि दोनों में थप्पड़बाजी हो गई. पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है.

पानीपत में चेकिंग के दौरान हंगामा
पानीपत में चेकिंग के दौरान हंगामा
Google CTA

Panipat ASI slapping case: हरियाणा के पानीपत जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारी और एक युवक के बीच तीखी बहस हो गई और बात थप्पड़बाजी तक पहुंच गई. पानीपत के संजय चौक पर 6 अक्टूबर को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बिना नंबर प्लेट की बाइक चला रहे युवक असलम की एएसआई पवन कुमार से नोकझोंक के बाद दोनों के बीच हाथापाई हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है.

Read more!

नंबर प्लेट गायब और मुंह से आ रही थी शराब की गंध

मिली जानकारी के मुताबिक, 6 अक्टूबर को संजय चौक पर ट्रैफिक पुलिस की टीम प्रतिदिन की तरह ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने और ड्रंक एंड ड्राइव (शराब पीकर वाहन चलाने वालों) की जांच के लिए नाका लगाकर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एएसआई पवन कुमार ने बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक को रुकवाया. बाइक चला रहे विद्यानंद कॉलोनी निवासी असलम के मुंह से शराब की गंध आ रही थी. जब पुलिसकर्मियों ने उसे एल्को सेंसर मशीन से जांच कराने के लिए कहा, तो वह फूंक मारने के बजाय बहस करने लगा.

बहस के बाद चले थप्पड़, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

जांच कराने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के दौरान माहौल गरमा गया. आरोप है कि युवक असलम ने पुलिसकर्मी पर अपशब्द बोलने का आरोप लगाते हुए एएसआई के कंधे पर हाथ मार दिया. इस पर गुस्साए एएसआई पवन कुमार ने उसे थप्पड़ जड़ दिया. इसके तुरंत बाद युवक असलम ने भी बीच सड़क एएसआई के मुंह पर चांटा मार दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

यह पढ़ें:डेटिंग ऐप से दोस्ती, शारीरिक संबंध और... गुरुग्राम में MBA पास युवती पर लगा युवकों को हनीट्रैप में फंसाने का आरोप, पकड़ी गई तो सामने आया पूरा खेल

डीएसपी का बयान: आरोपी असलम हिरासत में, एफआईआर दर्ज

मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी सुरेश सैनी ने बताया कि संजय चौक पर नियमित चेकिंग के दौरान यह घटना हुई. एएसआई पवन कुमार की शिकायत पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी असलम को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस अब बाइक के रिकॉर्ड की जांच कर रही है कि वह चोरी की तो नहीं है और असलम का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है.

यह भी पढ़ें: 8 महीने से दिल्ली में रह रहे थे लिव-इन पार्टनर, रोहतक आते ही दोस्तों ने रचा ऐसा खौफनाक खेल, बर्बाद हुआ सब