दिल्ली के मौजपुर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास जाने-माने पैरा एथलीट नीरज यादव का शव मिलने से हड़कंप मच गया है. पुलिस के मुताबिक नीरज यादव को एक लड़की जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंची. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. लड़की और नीरज के बीच दोस्ती थी. लड़की उनसे अब रिलेशन नहीं रखना चाहती थी. ऐसे में उसने उनसे रिश्ता तोड़ने की बात कही थी. इसी को लेकर दोनों में कुछ बातें हुई थीं.
ADVERTISEMENT
एशियन गेम्स में तीन बार गोल्ड मेडल जीतने वाले 42 साल के नीरज यादव का शव 27-28 अक्तूबर की दरम्यानी रात दिल्ली के मौजपुर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास मिला. पास में उनकी सकॅर्पियो एन कार थी जिसमें एक लड़की को बैठाकर छोड़ने आए थे. पुलिस के मुताबिक दिसंबर 2025 से ये एक युवती के संपर्क में थे. दोनों में दोस्ती थी. युवती इनसे मिलने सोनीपत गई थी. वहां उसने पहुंचकर बताया कि वो इस रिश्ते को अब आगे कन्टीन्यू नहीं करेगी.
मोबाइल चैटिंग पर रिप्लाई नहीं आने बढ़ी शंका
युवती ने बताया कि नीरज यादव उसे लेकर उसे मौजपुर मेट्रो स्टेशन पहुंचे और यहां ड्रॉप कर दिया. युवती यहीं की रहने थी. वो अपने घर चली गई. उसने बताया कि जब मोबाइल पर चैटिंग के दौरान नीरज यादव का कोई रिप्लाई नहीं आया तो वो घबरा गई. उसे किसी अनहोनी की आशंका लगी. वो तुरंत वहीं पहुंची जहां नीरज यादव ने उसे छोड़ा था. युवती ने देखा कि वे अपनी कार स्कॉर्पियो एन के पास जमीन पर अचेत पड़े हैं. युवती उन्हें लेकर अस्पताल पहुंची. वहां जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी. रात करीब 12 बजे पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया.
परिवार से अलग रहते थे नीरज यादव
नीरज अपने परिवार से अलग सोनीपत में रह रहे थे. इनकी मां, पत्नी और बेटी नोएडा में रहती हैं. ये सोनीपत में ही 'अंशनीर स्पोर्ट्स अकादमी' (Anshneer Sports Academy) चलाते थे. नीरज यादव की मौत से खेल जगत में उदासी छा गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डोपिंग के चलते ये 4 साल के बैन कर दिए गए थे. इसे लेकर भी परेशान होने की बात सामने आ रही है. इनकी मौत कैसे हुई ये जांच का विषय है.
कौन हैं नीरज यादव ?
नीरज यादव हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले है. जब वे महज सात साल के थे तब उन्हें पोस्ट-पोलियो रेसिडुअल पैरालिसिस हो गया. इसमें इनके दोनों पैर बेजान हो गए. इसके बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं हारी. नीरज यादव ने साल 2005 से 2012 के बीच लगभग 6 वर्षों तक व्हीलचेयर टेनिस में अपना हुनर दिखाया. इसके बाद 2015 में वे पैरा-एथलेटिक्स की ओर रुख कर गए, जहां दिल्ली स्टेट एथलेटिक्स मीट में उन्होंने शॉट पुट, जैवलिन (भाला फेंक) और डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) तीनों इवेंट्स में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और विश्व पटल पर भारत की पहचान मजबूत की.
अंतरराष्ट्रीय सफलताएं और रिकॉर्ड
2018 जकार्ता एशियन पैरा गेम्स: नीरज ने पुरुषों की F55 जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 29.84 मीटर के नया एशियन रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था.
2023 हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स (चीन): उन्होंने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए दो अलग-अलग इवेंट्स- जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर दोहरे स्वर्ण पर कब्जा जमाया था.
डोपे टेस्ट में सस्पेंशन
अक्टूबर 2023 में बेंगलुरु में हुए टेस्ट के दौरान नीरज यादव के सैंपल में 'स्टैनोजोलोल' (Stanozolol) नामका प्रतिबंधित एनाबॉलिक स्टेरॉयड मिला था. इसके बाद NADA ने इनपर 4 साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था.
मेडल और प्राइज मनी वापस ली गई: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2023 के हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में जो दो गोल्ड मेडल जीते थे, डोपिंग टेस्ट में फेल होने के बाद वे दोनों मेडल और उनसे मिलने वाली प्राइज मनी वापस ले ली गई थी. यही नहीं उन्हें मिलने वाली सरकारी नौकरी पर भी इससे ग्रहण लग गया.
2018 का मेडल: उनका 2018 जकार्ता एशियन पैरा गेम्स में जीता गया 1 गोल्ड मेडल बरकरार था, लेकिन 2023 के दोनों मेडल अमान्य कर दिए गए थे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी थी बधाई
2018 में एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद नीरज यादव ने भारत लौटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. प्रधानमंत्री ने स्वयं अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर उनके साथ तस्वीरें साझा कर उनकी सराहना की थी. इसके बाद 2023 के एशियन पैरा गेम्स में दोहरे स्वर्ण पदक जीतने पर भी पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी थी.
पति को उम्रकैद, गोद में 2 महीने की बच्ची और 10 साल का नर्क... दलजीत सिहाग की पत्नी का छलका दर्द!
ADVERTISEMENT


