Shamli Encounter Shooter Sumit Father Interview: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटरों के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद इस पूरे मामले में नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. एनकाउंटर में ढेर हुए शूटर सुमित के पिता ने मीडिया के सामने आकर अपने बेटे के क्राइम की दुनिया में कदम रखने और गैंगस्टरों के जाल में फंसने की खौफनाक कहानी बताई है.
ADVERTISEMENT
सुमित के पिता ने बताया कि उनका बेटा अनपढ़ नहीं बल्कि 12वीं पास था और काफी संस्कारी था. वह कोई पेशेवर अपराधी नहीं था, बल्कि Jio वाईफाई लगाने का काम करता था और बिना एक भी छुट्टी किए नियमित रूप से काम पर जाता था. चार भाई-बहनों में सुमित तीसरे नंबर पर था.
कुंडली के ट्रिपल मर्डर से जुड़ा कनेक्शन
पिता के अनुसार, करीब ढाई से तीन महीने पहले सोनीपत के कुंडली स्थित जी-ब्लॉक के फ्लैटों में एक ट्रिपल मर्डर (तीन हत्याएं) हुआ था. उस मर्डर में मारे गए व्यक्ति के सगे भतीजे (जिसका नाम प्रिंस है) की सुमित से दोस्ती थी. प्रिंस ने ही सुमित की पहचान मोहित से करवाई थी. वहीं से सुमित धीरे-धीरे इस गैंग के संपर्क में आने लगा.
'नहाने और खाना खाने का भी टाइम नहीं रहता था'
सुमित के पिता ने बताया कि जब भी सुमित घर आता था, तो मोहित हमेशा उसके साथ रहता था. पिता ने जब बेटे से रुककर खाना खाने या कपड़े बदलने को कहा, तो सुमित अक्सर यही कहता था कि "पापा हमारे पास टाइम नहीं है." पिता का आरोप है कि मोहित सुमित को एक पल के लिए भी अकेला नहीं छोड़ता था. जब पिता ने सुमित को इस रास्ते पर जाने से मना किया, तो उसने रोते हुए बस यही कहा था "पापा मैं मजबूर हूं."
बहन ने कपड़ों से पहचाना कि भाई मर्डर में शामिल है
शामली में जब हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की खबर और वीडियो सामने आया, तो सुमित की बहन ने टीवी व मोबाइल पर वह वीडियो देखा. छोटे भाई ने हाल ही में सुमित को जो कपड़े खरीदकर दिए थे, उन नए कपड़ों को देखकर बहन ने तुरंत पहचान लिया कि वीडियो में दिख रहा हमलावर कोई और नहीं बल्कि उसका भाई सुमित ही है. बहन ने तुरंत पिता को फोन कर इस बात की जानकारी दी थी.
24-25 तारीख को आखिरी बार आया था घर
सुमित के पिता ने बताया कि 24 या 25 तारीख के आसपास उन्होंने काम में मदद के लिए सुमित को घर बुलाया था. वह आया लेकिन सिर्फ 10 मिनट रुका और मोहित के साथ वापस चला गया. पिता का कहना है कि उनके बेटे को या तो कोई बड़ा लालच दिया गया था या फिर उस पर किसी तरह का भारी दबाव था, जिसके चलते वह मजबूरी में इस दलदल में उतरता चला गया.
ADVERTISEMENT


