बेंगलुरु की शिवगंगे पहाड़ियों से गायब हुए इंदौर के अद्वैत उपाध्याय, 9 दिन का सर्च ऑपरेशन बंद, अब नए एंगल से होगी जांच

आकांक्षा ठाकुर

• 11:07 AM • 18 Aug 2026

Advait Upadhyay Missing News: इंदौर के 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय बेंगलुरु की शिवगंगे पहाड़ियों पर ट्रैकिंग के दौरान रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए हैं. 9 दिनों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद भी पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं मिला है. अब पुलिस ने तलाशी रोककर सीडीआर और डिजिटल हिस्ट्री के जरिए नए एंगल से जांच शुरू कर दी है.

बेंगलुरु की पहाड़ियों से गायब हुए इंदौर के अद्वैत उपाध्याय
बेंगलुरु की पहाड़ियों से गायब हुए इंदौर के अद्वैत उपाध्याय
Google CTA

Advait Upadhyay Missing Update: इंदौर के रहने वाले 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय बेंगलुरु की शिवगंगे पहाड़ियों पर ट्रैकिंग के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं. 6-7 अगस्त के बीच हुई इस घटना के बाद बेंगलुरु पुलिस ने ड्रोन और डॉग स्क्वाड की मदद से 9 दिनों तक पहाड़ियों का चप्पा-चप्पा छाना, लेकिन अद्वैत का कोई अता-पता नहीं चल सका. अब पुलिस ने पहाड़ी पर तलाशी अभियान रोककर इस मामले की जांच अलग-अलग एंगल्स से शुरू कर दी है.

Read more!

शिवगंगे पहाड़ी पर मिला अद्वैत का सामान, पर खुद गायब

आईआईटी से पढ़ाई करने के बाद बेंगलुरु की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत अद्वैत उपाध्याय शिवगंगे पहाड़ी पर ट्रैकिंग के लिए गए थे. उन्होंने बाइक रेंट पर ली और तलहटी में पार्क करके अपनी मंगेतर को फोन कर ट्रैकिंग पर जाने की जानकारी दी. इसके कुछ ही देर बाद उनका फोन बंद हो गया. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने 9 दिनों तक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें अद्वैत का बैकपैक, स्वेटर और ड्रोन बरामद हुआ. हालांकि, अद्वैत का खुद कोई सुराग नहीं मिल सका.

डिजिटल हिस्ट्री और सीडीआर से खुलेगा राज

तलाशी अभियान को होल्ड पर डालने के बाद पुलिस अब इस संभावना पर भी काम कर रही है कि क्या अद्वैत जानबूझकर लापता हुए हैं. पुलिस उनके लैपटॉप और डिजिटल गैजेट्स की सर्च हिस्ट्री खंगाल रही है. इसके साथ ही उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) निकाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि गायब होने से पहले वह किसके संपर्क में थे. अद्वैत के दोस्तों के अनुसार, उन्हें साइबर सिक्योरिटी की अच्छी समझ थी और वह ट्रैक फ्रेंडली थे.

परिजनों और मंगेतर से पूछताछ जारी, मां पहुंचीं बेंगलुरु

अद्वैत साल 2028 में शादी करने वाले थे और इंदौर सेटल होने की योजना बना रहे थे. पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या इस फैसले से कोई नाराज था या उनका कोई अन्य विवाद था. अद्वैत की मां बेंगलुरु पहुंच चुकी हैं और पुलिस उनसे तथा उनकी मंगेतर से आगे की पूछताछ कर रही है. पुलिस सोशल मीडिया के जरिए अद्वैत के दोस्तों से भी संपर्क साध रही है ताकि किसी साजिश या व्यक्तिगत कारणों का पता लगाया जा सके.


यह भी पढ़ें: पत्नी खा रही थी कथित बॉयफ्रेंड के साथ मोमोज, तभी आ गया पति...फिर तीनों के बीच सड़क पर शुरू हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा! वीडियो वायरल