Sendhwa News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले अंतर्गत सेंधवा शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक युवक ने छात्रा से शादी करने की जिद में हैरान करने वाला कदम उठा लिया. छात्रा ने काफी मना करने पर भी युवक नहीं माना. इस बीच मंगलवार वाले दिन छात्रा कॉलेज से अपनी बीए फर्स्ट ईयर हिंदी का एग्जाम देकर अपनी सहेलियों के साथ विज्ञान भवन के सामने पहुंची तभी रास्ते में बीएससी फर्स्ट ईयर का छात्र आ धमका.आरोपी युवक ने छात्रा पर दिनदहाड़े ही हमला कर दिया गया. लेकिन घटना के दौरान उसका कट्टा मिसफायर हो गया तो उसने फिर दूसरे तरीके से छात्रा पर वार कर दिया. इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT
कट्टा हुआ मिसफायर तो जेब से निकाला धारदार चाकू
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने अचानक अपनी कमर से एक देसी पिस्तौल (कट्टा) निकाली और छात्रा की तरफ तानकर फायर कर दिया. गनीमत रही कि कट्टा मिसफायर हो गया और गोली नहीं चली. लेकिन सनक में अंधे हो चुके युवक ने तुरंत अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और छात्रा संगीता पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए.
चाकू के वार से छात्रा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी. यह मंजर देखकर उसकी सहेलियां और अन्य छात्र दहल गए. परिसर में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ साहसी छात्रों ने भाग रहे आरोपी युवक को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया और पुलिस के आने तक उसे पकड़े रखा.
इसलिए रची गई थी पूरी साजिश,
घटना की सूचना मिलते ही सेंधवा शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मौके से आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और खून से सना चाकू जब्त किया है. घायल छात्रा को तुरंत सेंधवा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और वह फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (मर्डर अटेम्प्ट) का मामला दर्ज किया गया है. पूछताछ में सामने आया कि छात्रा की शादी कहीं और तय हो रही थी और आरोपी उस पर खुद से शादी करने का दबाव बना रहा था. मना करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया.
कॉलेज सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल, सीसीटीवी कैमरे पाए गए बंद
इस खूनी वारदात के बाद कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस विज्ञान भवन के सामने घटना हुई, वहां का सीसीटीवी कैमरा बंद पड़ा था. सवाल यह भी उठ रहा है कि सैकड़ों बच्चों के बीच कॉलेज में कोई छात्र देसी कट्टा और चाकू लेकर आसानी से कैसे दाखिल हो गया. फिलहाल पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि छात्र तक यह अवैध देसी कट्टा कहां से पहुंचा और इसका सप्लायर कौन है.
ADVERTISEMENT


