दतिया उपचुनाव: जीतू पटवारी ने बताया कमलनाथ क्यों नहीं कर रहे प्रचार, 25 हजार वोटों से जीत का किया दावा

आकांक्षा ठाकुर

• 03:19 PM • 27 Jul 2026

दतिया उपचुनाव के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि पार्टी यह चुनाव 25,000 वोटों से जीतेगी। प्रचार में कमलनाथ की गैर-मौजूदगी पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे वरिष्ठ नेता हैं और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जरूर बुलाया जाएगा.

जीतू पटवारी
जीतू पटवारी
Google CTA

Datiya Byelection 2026: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. जहां एक तरफ बीजेपी ने अपने दिग्गज नेताओं और मंत्रियों को मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस भी गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चला रही है. इस बीच स्टार प्रचारकों की सूची में नाम होने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ के चुनाव प्रचार में नजर न आने पर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं.

Read more!

इस सवाल का जवाब देते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कमलनाथ का अपना एक कद (Aura) है और वे पार्टी के सम्मानित नेता हैं.

जब जरूरत होगी, कमलनाथ जी को बुलाएंगे

कमलनाथ और नकुलनाथ के प्रचार में शामिल न होने पर जीतू पटवारी ने कहा, "कमलनाथ जी हमारे वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं. उनका अपना एक ओरा है. जब हमें लगेगा कि उनकी जरूरत है और उन्हें आना ही चाहिए, तो हम उन्हें जरूर बुलाएंगे और वे आएंगे भी. टिकट वितरण से लेकर पूरी रणनीति तक उनका आशीर्वाद सदैव हमारे साथ है."

दतिया का चुनाव जनता बनाम सरकार का है

चुनाव प्रचार के दौरान जीतू पटवारी ने दावा किया कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस और बीजेपी के बीच नहीं रह गई है, बल्कि जनता और सरकार के बीच हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के अहंकार और जनादेश के अपमान से जनता में भारी आक्रोश है. पटवारी ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती को जिस तरह से निशाना बनाया गया, दतिया की जनता उसका जवाब वोट से देगी. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इस चुनाव में 25,000 से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल करेगी.

25 मंत्रियों की तैनाती पर बीजेपी को घेरा

बीजेपी द्वारा मंत्रियों की फौज उतारे जाने पर निशाना साधते हुए जीतू पटवारी ने कहा, "अगर बीजेपी विकास के नाम पर चुनाव लड़ रही है, तो फिर उन्हें 25-25 मंत्रियों को दतिया में क्यों झोंकना पड़ रहा है? यह बीजेपी का डर दिखाता है. हमारी तरफ से पार्टी के युवा तुर्क- उमंग सिंघार, हेमंत कटारे, जयवर्धन सिंह, सचिन यादव और दिग्विजय सिंह जैसे नेता पूरी ताकत से मैदान में डटे हुए हैं."

ये भी पढ़ें: MP News: दतिया उपचुनाव में किसके सिर सजेगा जीत का ताज? नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद क्या है जनता का मूड, जानिए ग्राउंड रिपोर्ट