दतिया उपचुनाव: क्या कुशवाहा समाज साधेगा बीजेपी की राह? CM मोहन यादव की सभा से पहले जानें ग्राउंड रिपोर्ट

आकांक्षा ठाकुर

• 02:10 PM • 28 Jul 2026

दतिया उपचुनाव को लेकर कुशवाहा समाज की सभा में बड़ा समर्थन दिखा, जहाँ समर्थकों ने अंदरूनी नाराजगी खत्म होने का दावा किया। विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय कुशवाहा वोट बैंक का रुझान फिलहाल बीजेपी उम्मीदवार की ओर नजर आ रहा है.

दतिया उपचुनाव में कुशवाहा समाज किसके तरफ
दतिया उपचुनाव में कुशवाहा समाज किसके तरफ
Google CTA

Datia By Election: मध्य प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. चुनावी जंग को फतह करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस दोनों ही दल एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं. इसी क्रम में दतिया में कुशवाहा समाज की एक विशाल सभा का आयोजन किया गया, जिसमें शामिल होने खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे. दतिया के जातिगत समीकरणों में कुशवाहा समाज एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा वोट बैंक माना जाता है. ऐसे में MP Tak की टीम ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर कुशवाहा समाज के लोगों से बातचीत की और यह जानने की कोशिश की कि इस उपचुनाव में उनका रुख किस ओर है.

Read more!

नरोत्तम मिश्रा की अपील के बाद दूर हुई नाराजगी?

प्रत्याशियों के नामों के ऐलान के बाद शुरुआती दिनों में बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों में जो असंतोष देखा जा रहा था, वह अब खत्म होता नजर आ रहा है. ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने बताया कि पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा की कार्यकर्ताओं के साथ हुई बड़ी बैठक के बाद अंदरूनी नाराजगी पूरी तरह दूर हो चुकी है. नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से पार्टी एकजुटता बनाए रखने की अपील की थी, जिसका असर अब मैदान में साफ दिखाई दे रहा है.

'बाहरी' प्रत्याशी के मुद्दे पर जनता की राय

कांग्रेस लगातार बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 'बाहरी' बताकर घेरने की कोशिश कर रही है. हालांकि, जब इस संबंध में कुशवाहा समाज के लोगों से सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे कोई बड़ा मुद्दा मानने से इनकार कर दिया. ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि आशुतोष तिवारी क्षेत्र में लंबे समय से (बड़ौनी में) सक्रिय रहे हैं और पढ़ाते आए हैं. लोगों का कहना है कि वे व्यक्तिगत रूप से प्रत्याशी से ज्यादा पार्टी और दतिया में हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं.

कांग्रेस विधायक पर निशाना

चर्चा के दौरान स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों को सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बताया. कुशवाहा समाज के लोगों ने मौजूदा कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीते समय में क्षेत्र की सड़कों और बुनियादी विकास कार्यों में कोई खास प्रगति नहीं हुई. लोगों का दावा है कि बीजेपी सरकार के समय दतिया में सड़कों और सिंचाई का बेहतर काम हुआ था और विकास की इस निरंतरता को बनाए रखने के लिए वे बीजेपी के साथ खड़े हैं.

ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा संभाल रहे कमान

दतिया में कुशवाहा वोट बैंक को पूरी तरह अपने पाले में लाने के लिए बीजेपी ने ग्वालियर से सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता भरत सिंह कुशवाहा को चुनावी कमान सौंपी है. वे लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं. दतिया में ब्राह्मण और कुशवाहा वोट बैंक की जुगलबंदी किसी भी दल के लिए जीत की कुंजी मानी जाती है. कुशवाहा समाज के एक बड़े वर्ग का रुझान फिलहाल बीजेपी के पक्ष में दिखाई दे रहा है, जिससे इस उपचुनाव में कांग्रेस के लिए राह आसान नजर नहीं आ रही है.

ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव में दामोदर यादव ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया लेकिन कांग्रेस क्यों परेशान?