मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट से एक बड़ी सियासी खबर सामने आ रही है. पिछले कुछ समय से अपनी ही पार्टी से नाराज चल रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता अवधेश नायक को आखिरकार कांग्रेस आलाकमान ने मना लिया है. तमाम कयासों और अटकलों को खारिज करते हुए अवधेश नायक एक बार फिर कांग्रेस के रंग में रंगे नजर आए और पार्टी के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल हुए. उनके इस कदम के बाद पिछले कई दिनों से उनके बीजेपी में जाने की चल रही चर्चाओं पर पूरी तरह से विराम लग गया है.
ADVERTISEMENT
बीजेपी और कांग्रेस में मची थी खींचतान
अवधेश नायक की नाराजगी की खबर आते ही दतिया की राजनीति में भूचाल आ गया था. उन्हें अपने पाले में करने के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के बड़े नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी. स्थिति यह थी कि भाजपा के कद्दावर नेता और मंत्री राकेश शुक्ला खुद कई अन्य भाजपा नेताओं के साथ अवधेश नायक के घर पहुंचे थे.
भाजपा नेताओं की इस सीक्रेट मीटिंग के बाद सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि नायक जल्द ही घर वापसी कर बीजेपी का दामन थाम सकते हैं. दूसरी तरफ, कांग्रेस भी अपने इस कद्दावर नेता को किसी भी कीमत पर खोना नहीं चाहती थी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने लगातार उनसे संपर्क बनाए रखा और उनकी शिकायतों को दूर करने का भरोसा दिया.
दतिया के ब्राह्मण चेहरे पर टिकी थीं नजरें
राजनीतिक जानकारों की मानें तो अवधेश नायक को दतिया विधानसभा क्षेत्र में एक बेहद मजबूत और बड़ा ब्राह्मण चेहरा माना जाता है. उनके पास एक बड़ा जनाधार है, जो किसी भी चुनाव का रुख पलटने का दम रखता है. यही वजह थी कि बीजेपी उन्हें वापस लाकर दतिया में खुद को मजबूत करना चाहती थी, जबकि कांग्रेस हर हाल में अपने इस 'किले' को बचाए रखने की कोशिश में थी.
आखिरकार मान गए नायक
सभी सस्पेंस और सियासी ड्रामे का अंत तब हुआ, जब अवधेश नायक खुलकर कांग्रेस के मंच पर अवतरित हुए. कांग्रेस के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि वो फिलहाल कहीं नहीं जा रहे हैं और कांग्रेस के साथ ही अपनी राजनीतिक पारी को आगे बढ़ाएंगे. नायक की इस 'घर वापसी' से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जहां नया जोश देखा जा रहा है, वहीं बीजेपी के हाथ फिलहाल मायूसी लगी है.
ये भी पढ़ें: 1500 CCTV और 20 पुलिस टीमें... हेमंत फिलमोन-शकुंतला हत्याकांड में 20 दिन बाद बड़ा खुलासा, ऐसे पकड़े गए आरोपी
ADVERTISEMENT


