धार से बीजेपी विधायक कालू सिंह ठाकुर का महिला से बदसलूकी का वीडियो वायरल, लाडली बहन को दीं भद्दी गालियां

Dhar BJP MLA video viral: मध्य प्रदेश के धार जिले के धरमपुरी से बीजेपी विधायक कालू सिंह ठाकुर का महिला से बदसलूकी का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. आरोप है कि सार्वजनिक सड़क पर बकरी चराने को लेकर विवाद के दौरान विधायक ने महिला के साथ झूमाझटकी की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. जानें पूरा मामला.

Dhar BJP MLA video viral
Dhar BJP MLA video viral

आकांक्षा ठाकुर

follow google news

मध्य प्रदेश के धार जिले से सत्ता के नशे में चूर एक जनप्रतिनिधि की शर्मनाक करतूत सामने आई है. धरमपुरी से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक गरीब महिला के साथ न केवल झूमाझटकी कर रहे हैं, बल्कि उसे बेहद भद्दी और गंदी गालियां भी दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद से ही लोग उन्हें गालीबाज विधायक कह रहे है. आइए विस्तार से जानते है इस मामले की पूरी कहानी.

Read more!

बकरी चराने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद 22 फरवरी का है. घटना उस वक्त हुई जब पीड़िता गेंदाबाई की मां और उनका भतीजा सार्वजनिक सड़क से बकरियां चराने ले जा रहे थे. आरोप है कि विधायक कालू सिंह ठाकुर ने उन्हें वहां से निकलने से रोक दिया और भतीजे के साथ मारपीट की. जब पीड़िता ने वहां पहुंचकर सिर्फ इतना पूछा कि 'सार्वजनिक सड़क से निकलने में क्या दिक्कत है?', तो विधायक जी अपना आपा खो बैठे.

'विधायक ने की जबरदस्ती और गाली-गलौज'

पीड़िता गेंदाबाई ने धामनोद थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया कि विधायक कालू सिंह ठाकुर ने उनके साथ झूमाझटकी की और उनके लिए ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जिसे सुना भी नहीं जा सकता. पीड़िता के अनुसार, विधायक के साथ मौजूद ड्राइवर और दुकान मालिक ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विधायक का गुस्सा शांत नहीं हुआ. अंत में पीड़िता के पिता ने मौके पर पहुंचकर उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला.

सत्ता की हनक और पुलिस की चुप्पी

वीडियो वायरल होने के बाद जब 'एमपी तक' ने विधायक कालू सिंह ठाकुर से उनका पक्ष जानने की कोशिश की, तो उनका फोन लगातार स्विच ऑफ मिला. वहीं, इस मामले में पुलिस प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. धामनोद थाने में शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस अधिकारी कैमरे पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. पुलिस का कहना है कि वे वीडियो की जांच कर रहे हैं और उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी.

लाडली बहनों के प्रदेश में 'माननीय' के बिगड़े बोल

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब मध्य प्रदेश सरकार 'लाडली बहना' योजना के जरिए महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के बड़े-बड़े दावे कर रही है. ऐसे में सत्ताधारी दल के विधायक द्वारा एक महिला को सरेआम दी गई गालियां और की गई बदसलूकी सरकार की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: बैतूल में 12वीं का टॉपर बेटा बना 'दैत्य', मां-बाप और भाई को उतारा मौत के घाट; लाशों के पास बैठकर हंसता रहा कातिल

    follow google news