Fake IAS Tripti Rajput News: मध्य प्रदेश में खुद को फर्जी IAS अधिकारी और मध्य प्रदेश टूरिज्म की एडिशनल डायरेक्टर बताकर लाखों रुपये की ठगी करने वाली शातिर महिला तृप्ति सिंह राजपूत का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में तृप्ति अपनी दो सहेलियों के साथ लाल साड़ी पहने बेखौफ अंदाज में ब्लॉग शूट करती नजर आ रही है. वीडियो में तीनों महिलाएं खुद को IAS अधिकारी बताकर रौब झाड़ रही हैं.
ADVERTISEMENT
ब्लॉग में सहेलियां भी खुद को बता रही थीं IAS
वायरल वीडियो में तृप्ति राजपूत और उसकी दो सहेलियां कैमरे के सामने हंसते-खिलखिलाते हुए बात कर रही हैं. वीडियो में दावा किया जा रहा है कि वे विधानसभा अटेंड करने आई हैं. इस दौरान तृप्ति की एक सहेली कहती है कि हमारी हरकतों को देखकर कोई कल्पना भी नहीं कर सकता कि हम तीनों IAS अफसर हैं. इस पर तृप्ति बड़े गर्व से कहती है कि वह अपनी सहेलियों की सीनियर है और प्रोबेशनर्स को लीड करती है.
विधानसभा परिसर का दावा निकला झूठा
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. वीडियो में दावा किया गया था कि वे विधानसभा के बाहर खड़ी हैं, लेकिन मध्य प्रदेश विधानसभा के पीआरओ महावीर जैन ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखने वाली लाल पत्थरों की इमारत विधानसभा की है ही नहीं और न ही वहां ऐसे पत्थर लगे हैं. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह वीडियो वास्तव में कहां शूट किया गया था.
नौकरी और रिसॉर्ट लीज के नाम पर ठगी का आरोप
तृप्ति सिंह राजपूत का यह शातिर दिमाग पहले ही बेनकाब हो चुका है. उस पर चंदेरी में चार युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये से अधिक की ठगी का आरोप है. इसके अलावा भोपाल के बाग सेवनिया थाने में भी एमपी टूरिज्म की होटल-रिसॉर्ट संपत्ति लीज पर दिलाने और नौकरी का झांसा देकर 39 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. पुलिस ने तृप्ति और उसके भाई सुधांशु सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. उसके पास से फर्जी सीबीआई कार्ड, सरकारी लेटरहेड और 'भारत सरकार' लिखी इनोवा कार भी बरामद हुई थी.
अब वीडियो में दिख रही सहेलियों की तलाश तेज
जेल में बंद तृप्ति राजपूत का यह वीडियो सामने आने के बाद भोपाल पुलिस ने अब उन दोनों लड़कियों की तलाश तेज कर दी है जो वीडियो में खुद को आईएएस बता रही थीं. पुलिस जांच कर रही है कि क्या वे लड़कियां भी तृप्ति के इस ठगी नेटवर्क का हिस्सा थीं या वे केवल ब्लॉग शूट का जरिया थीं.
यह भी पढ़ें: कौन हैं CSP नेहा पच्चीसिया? कटनी से गुना तक विवादों से रहा पुराना नाता, जानें कब-कब उठे उन पर सवाल?
ADVERTISEMENT


