ग्वालियर: 3 लाख के लालच में परिजनों ने तय की शादी, लेकिन बीच में आया प्रेमी तो अंकिता ने उठाया बड़ा कदम, जानें आखिर किसका चुना साथ?

सर्वेश पुरोहित

• 04:03 PM • 09 Sep 2026

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 20 वर्षीय अंकिता प्रजापति ने परिजनों पर ₹3 लाख के लालच में 2 बच्चों के पिता से जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है. अंकिता ने अपने प्रेमी राहुल बातम संग आर्य समाज मंदिर में शादी रचाई और जान के खतरे की आशंका जताते हुए ग्वालियर एसपी ऑफिस पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई.

2 बच्चों के पिता से तय हुई शादी तो प्रेमी संग भागी युवती
2 बच्चों के पिता से तय हुई शादी तो प्रेमी संग भागी युवती
Google CTA

Gwalior Ankita Prajapati News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 20 वर्षीय युवती अंकिता प्रजापति ने अपने परिजनों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. अंकिता का आरोप है कि उसके परिजनों ने महज 3 लाख रुपये के लालच में उसकी मर्जी के बिना उसकी जिंदगी का सौदा कर दिया और उसकी शादी दो बच्चों के पिता से तय कर दी. जब युवती को इस बात का पता चला, तो उसने अपने प्रेमी राहुल बातम से संपर्क कर अपनी जान और इज्जत बचाई और दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी रचा ली.

Read more!

आर्य समाज मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज से रचाई शादी

ग्वालियर के इन्द्रगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली अंकिता प्रजापति (20 वर्ष) ने बताया कि परिजनों के दबाव और मारपीट के बाद उसने अपने परिचित राहुल बातम को पूरी बात बताई. राहुल शिंदे की छावनी इलाके में एक मोटर की दुकान पर काम करता है. दोनों ने बिना समय गंवाए आर्य समाज मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह कर लिया. हालांकि, शादी के बाद भी परिजनों से अपनी और अपने पति की जान का खतरा देखते हुए दोनों ग्वालियर पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचे.

'पति और ससुराल वालों को जान से मारने की दे रहे धमकी'

एसपी दफ्तर में लिखित आवेदन जमा करते हुए अंकिता ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता और परिजन उसे और उसके पति राहुल को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं. अंकिता ने कहा, "मेरे परिजन 3 लाख रुपये के लालच में मुझे किसी दूसरे आदमी के पास भेजना चाहते थे. विरोध करने पर मेरे साथ मारपीट की गई. अब वे मुझे और मेरे पति को मारने की धमकी दे रहे हैं. मैं चाहती हूं कि पुलिस मेरे पति और ससुराल वालों को सुरक्षा प्रदान करे."

यह भी पढ़ें: 2 साल का प्यार, लिंग परिवर्तन और शादी का वादा... प्रेमी की शर्त मानकर किन्नर ने कराया जेंडर चेंज, फिर गंवा दिया सबकुछ

पुलिस ने दिया सुरक्षा का भरोसा, परिजनों को परामर्श के लिए बुलाया जाएगा

मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्वालियर पुलिस अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंकिता बालिग है और कानून के मुताबिक उसे अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनने और अपने फैसले लेने का पूरा अधिकार है. पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज करेगी और परिजनों को बुलाकर समझाइश व परामर्श दिया जाएगा. साथ ही, नवविवाहित जोड़े को सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया है.

यह भी पढ़ें: प्यार के लिए धर्म बदलकर आसमा बनी सपना, फिर पति गजेन्द्र पर ही लगा उसकी हत्या का आरोप! जानें आखिर क्यों उठाया ये कदम