Jhabua Crime News: मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले झाबुआ से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां के बालवासा गांव में एक महिला को उसके निजी फैसले के लिए ऐसी 'तालिबानी सजा' दी गई, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने पति को छोड़कर अपने पूर्व प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई थी.
ADVERTISEMENT
क्रूरता की सारी हदें पार
जानकारी के मुताबिक, विवाहित महिला अपने पति के साथ रहने को तैयार नहीं थी और उसने साफ कर दिया था कि वह अपने पूर्व प्रेमी के साथ ही रहेगी. गांव के कुछ लोगों और परिजनों ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह अपने फैसले पर अडिग रही, तो दबंगों ने कानून को ताक पर रख दिया. महिला के साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि अमानवीय व्यवहार करते हुए उसे जबरन अपने पति को कंधों पर उठाकर पूरे गांव में घूमने पर मजबूर किया गया.
लाठियों से पीटा और कराया मुंडन
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जुलूस के दौरान आरोपी महिला पर लाठियां बरसा रहे हैं, उसे थप्पड़ मार रहे हैं और लातें चला रहे हैं. महिला दर्द से चीखती रही, लेकिन भीड़ तमाशबीन बनी रही. यहीं बस नहीं हुआ, जुलूस निकालने के बाद आरोपियों ने जबरन महिला का मुंडन भी कर दिया. इस बर्बरता के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है.
पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता का मेडिकल करवाया और मुख्य आरोपियों सूर भूरिया, दिलीप भूरिया, बाबू भूरिया और शैलेश भूरिया को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों में महिला का पति और ससुर भी शामिल हैं. पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है. यह घटना समाज में निजी फैसलों और कानून के शासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
ADVERTISEMENT


