Kailash Vijayvargiya Controversy: मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने एक हालिया बयान को लेकर विवादों में घिरने के बाद बैकफुट पर आ गए हैं. इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक महिला पार्षद को लेकर की गई टिप्पणी के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया था. विवाद बढ़ता देख अब मंत्री ने सार्वजनिक तौर पर बयान जारी कर स्पष्टीकरण दिया है और मामले पर गहरा खेद जताया है.
ADVERTISEMENT
मंच से दिए बयान पर बढ़ा विवाद
इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक में आयोजित एक विकास कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सबसे पहले स्थानीय पार्षद संध्या यादव के काम और मेहनत की तारीफ की. इसके बाद उन्होंने मंच से ही विधायक महेंद्र हाडिया की तरफ देखते हुए पार्षद के संबंध में एक टिप्पणी कर दी. इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विपक्षी दलों ने सार्वजनिक मंच से महिला जनप्रतिनिधि के प्रति की गई टिप्पणी पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए.
राजनीतिक सरगर्मी के बाद जारी की सफाई
मामले को राजनीतिक तूल पकड़ता देख और कांग्रेस की ओर से निशाना साधे जाने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने खुद सामने आकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है. विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया कि पार्षद संध्या यादव उनके लिए बेटी समान हैं और उन्होंने उन्हें बचपन में अपनी गोद में खिलाया है.
मंत्री ने जताया गहरा खेद
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनके मन में महिला पार्षद को लेकर किसी भी प्रकार की गलत भावना नहीं थी. उन्होंने मीडिया और विपक्षी दलों द्वारा मामले को तूल दिए जाने पर दुख व्यक्त किया. मंत्री ने कहा कि इस पूरे विवाद से वह स्वयं और पार्षद दोनों दुखी हुए हैं. उन्होंने अपने शब्दों को लेकर स्पष्ट रूप से खेद प्रकट किया है.
ADVERTISEMENT


