कटनी में दीपावली की रात भीषण आग: एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम

अमर ताम्रकार

09 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 9 2026 12:25 PM)

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 3 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं. पूरी खबर पढ़ें.

Katni fire
Katni fire
Google CTA

कटनी: दीपावली की रात जहां पूरा देश रोशनी और खुशियों में डूबा हुआ था, वहीं मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कटनी के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरही कस्बे में एक तीन मंजिला इमारत में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की जलने और धुएं में दम घुटने से मौत हो गई.

Read more!

प्लास्टिक और क्रॉकरी दुकान की वजह से तेजी से फैली आग 

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे स्थानीय निवासी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में अचानक आग भड़क उठी. बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर प्लास्टिक और क्रॉकरी की दुकान थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर परिवार सो रहा था. दुकान में प्लास्टिक और कांच का सामान होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, आग पूरी तरह बेकाबू हो चुकी थी.

सिवनी में सर्राफा व्यापारी के घर भीषण आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, एमपी में पसरा मातम

मृतकों में 3 मासूम बच्चे और 2 महिलाएं शामिल  

स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इमारत से 6 शवों को बाहर निकालकर बरही अस्पताल भेजा गया. मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं. राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू टीम ने समय रहते दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

कलेक्टर और SP मौके पर पहुंचे, जांच जारी  

घटना की भयावहता को देखते हुए जिला कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनय विश्वकर्मा खुद घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया. आग लगने का प्राथमिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है. दीपावली की रात हुए इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया, जिससे पूरे बरही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.