MP Weather Update 3 Feb: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. कड़ाके की ठंड के बीच अब बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों और आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग ने 3 फरवरी के लिए भी कई जिलों में अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली है. रविवार और सोमवार को ग्वालियर, उज्जैन, धार और मुरैना सहित कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई. जबकि नीमच और मंदसौर में ओलावृष्टि ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है.
IMD के अनुसार वर्तमान में तीन सिस्टम एक साथ एक्टिव हैं जिसके कारण आने वाले 24 से 48 घंटों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
3 फरवरी को कैसा रहेगा आपके जिले का हाल?
3 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. विशेष रूप से इन जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है:
- ग्वालियर-चंबल संभाग: ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और शिवपुर कलां.
- बुंदेलखंड और बघेलखंड: सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना.
- मध्य क्षेत्र: गुना, अशोकनगर और विदिशा.
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. जिससे तापमान में और गिरावट आएगी और ठिठुरन बढ़ेगी.
कोहरे और विजिबिलिटी का संकट
बारिश के साथ-साथ प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया गया है. सुबह के वक्त विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक रहने की संभावना है. जिससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है. भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में भी बादलों की आवाजाही के साथ सुबह मध्यम कोहरा देखा जा सकता है.
किसानों की बढ़ी चिंता
अचानक हुई ओलावृष्टि और बारिश ने किसानों की माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं. कई क्षेत्रों में गेहूं की फसल आड़ी हो गई है जिससे उत्पादन पर बुरा असर पड़ने की आशंका है. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों तक जेट स्ट्रीम हवाओं के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा इसलिए बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखें.
ये भी पढ़ें: बैतूल गाय के साथ दरंदगी का वीडियो वायरल होने पर भड़की हिंसा, कई दुकानों में लगाई आग
ADVERTISEMENT

