मध्य प्रदेश के महेश्वर की मशहूर 'महाकुंभ वायरल गर्ल' मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार चर्चा उनकी किसी फिल्म या म्यूजिक वीडियो की नहीं, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ की है. मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान के साथ शादी कर ली है और अब सुरक्षा की गुहार लगाते हुए केरल पुलिस की शरण में पहुंची हैं. मोनालिसा की शादी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा है. आइए विस्तार से जानते है आखिर मोनालिसा केरल क्यों पहुंची और अब क्या लगा रही गुहार?
ADVERTISEMENT
परिवार का विरोध और केरल पलायन
मोनालिसा का कहना है कि उनका परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ है. वजह यह है कि फरमान मुस्लिम समुदाय से आते हैं. एक्ट्रेस का आरोप है कि दूसरे धर्म का होने के कारण उनके परिजन उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं. मोनालिसा ने बताया कि उनके घरवाले गांव के ही किसी अन्य व्यक्ति से उनकी शादी कराना चाहते थे, जो उन्हें मंजूर नहीं था. इसी विरोध के चलते उन्होंने केरल जाकर शादी करने और वहीं सुरक्षा मांगने का फैसला किया.
शादी के लिए केरल को ही क्यों चुना?
मोनालिसा के इस कदम के पीछे केरल की प्रगतिशील कानून व्यवस्था और विवाह पंजीकरण नीति को बड़ी वजह माना जा रहा है.
धर्म की जांच नहीं: केरल सरकार ने रजिस्ट्रारों को निर्देश दे रखे हैं कि शादी के पंजीकरण के दौरान दूल्हा-दुल्हन के धर्म की जांच न की जाए. यदि जोड़ा कानूनी उम्र का प्रमाण देता है, तो पंजीकरण नहीं रोका जा सकता.
सेफ होम्स योजना: केरल सरकार 'सेफ होम्स' योजना चलाती है, जो उन अंतरधार्मिक जोड़ों को सुरक्षित आवास प्रदान करती है जिन्हें अपने परिवार या समाज से खतरा होता है.
कोर्ट का रुख: केरल हाईकोर्ट ने भी कई बार स्पष्ट किया है कि हर अंतरधार्मिक विवाह 'लव जिहाद' नहीं होता और पुलिस को ऐसे जोड़ों को सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं.
शादी का वीडियो वायरल
मोनालिसा और फरमान की मंदिर में हुई शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. फिलहाल, केरल पुलिस ने उन्हें संरक्षण दिया है. बता दें कि मोनालिसा जल्द ही बॉलीवुड में फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' से डेब्यू करने वाली थीं, लेकिन फिल्म की रिलीज से पहले ही उनकी असल जिंदगी में यह बड़ा मोड़ आ गया है. मोनालिसा ने साफ कहा कि वह अपनी इस शादी से खुश हैं और अब एक सुरक्षित माहौल में अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करना चाहती हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


