मध्य प्रदेश के महेश्वर की चर्चित चेहरा मोनालिसा और उनके पति फरमान के बीच जारी हाई वोल्टेज ड्रामा अब केरल तक पहुंच गया है. मोनालिसा के नाबालिग होने की पुष्टि और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के दखल के बाद मध्य प्रदेश पुलिस की एक विशेष टीम केरल के कोच्चि पहुंच चुकी है. पुलिस यहां फरमान की तलाश और मोनालिसा को वापस लाने के मिशन पर है. इस मामले में 'लव जिहाद' और अपहरण जैसे गंभीर आरोपों के साथ अब पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कार्रवाई की तलवार लटक रही है.
ADVERTISEMENT
शादी के बाद शुरू हुआ विवाद
मोनालिसा प्रयागराज महाकुंभ के दौरान अपने वीडियो के कारण वायरल हुई थीं. विवाद तब शुरू हुआ जब 10 मार्च को उन्होंने एक वीडियो जारी कर उत्तर प्रदेश के रहने वाले फरमान नाम के युवक से शादी करने का दावा किया. दोनों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी शादी के दस्तावेज दिखाए थे, जिसमें मोनालिसा को बालिग बताया गया था. हालांकि, मोनालिसा के माता-पिता ने इस शादी को सिरे से खारिज करते हुए इसे 'लव जिहाद' करार दिया और खरगोन एसपी से बेटी के अपहरण की शिकायत की थी.
बर्थ सर्टिफिकेट ने खोला राज: महज 16 साल की हैं मोनालिसा
मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब जनजाति विभाग की जांच में मोनालिसा का असली बर्थ सर्टिफिकेट सामने आया. इस दस्तावेज के अनुसार मोनालिसा की उम्र अभी महज 16 साल है, यानी वह कानूनी रूप से नाबालिग हैं. इस खुलासे के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने खरगोन एसपी को नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे. नाबालिग से शादी करने और उसे साथ ले जाने के कारण अब फरमान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की पूरी संभावना है, जिससे उनकी मुश्किलें काफी बढ़ सकती हैं.
कोच्चि में पुलिस की छापेमारी और कानूनी पेच
खरगोन एसपी द्वारा गठित जांच दल अब कोच्चि पुलिस की मदद से फरमान और मोनालिसा की लोकेशन ट्रेस कर रहा है. पुलिस का मुख्य उद्देश्य मोनालिसा को सुरक्षित महेश्वर वापस लाना है. हालांकि, इस बीच खबर यह भी आई है कि फरमान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए केरल हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली है. ऐसे में एमपी पुलिस के लिए फरमान से पूछताछ करना और मोनालिसा को वापस लाना एक बड़ी कानूनी चुनौती बन गया है.
फिल्म डायरेक्टर और माता-पिता के गंभीर आरोप
मोनालिसा की फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने भी इस मामले में एंट्री की है. उन्होंने फरमान को एक 'एजेंट' बताते हुए लव जिहाद का आरोप लगाया था, जिसके पलटवार में मोनालिसा ने सनोज मिश्रा पर ही छेड़खानी के आरोप लगा दिए थे. वहीं, मोनालिसा के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया है. फिलहाल, सबकी नजरें एमपी पुलिस की कोच्चि में चल रही कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या मोनालिसा अपने घर वापस लौटेंगी या यह कानूनी लड़ाई और लंबा खिंचेगी.
यहां देखें वीडियो
शिवपुरी: BJP विधायक के बेटे का थार से तांडव! 3 को रौंदा, फिर पीड़ितों को ही दी धमकी; वीडियो वायरल
ADVERTISEMENT


