'मेरी पत्नी को प्रेम जाल में फंसाकर बनाए संबंध...' पति ने कैमरे पर बयां की खौफनाक दास्तान, फिर उठा लिया ये कदम

गौरव जगताप

• 04:08 PM • 01 Sep 2026

MP News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में एक व्यक्ति प्यारेलाल ने गलत कदम उठाने से पहले एक सनसनीखेज वीडियो रिकॉर्ड किया. वीडियो में उसने अपनी पत्नी को ब्लैकमेल कर रेप करने और अश्लील वीडियो बनाने के गंभीर आरोप दो लोगों पर लगाए हैं. पुलिस ने मोबाइल और एक नोट जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

 पति ने वीडियो बनाकर लगाए गंभीर आरोप
 पति ने वीडियो बनाकर लगाए गंभीर आरोप
Google CTA

MP Narsinghpur News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में प्यारेलाल कुशवाहा ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने से पहले कैमरे के सामने एक वीडियो रिकॉर्ड किया. इस वीडियो में उसने अपने छोटे मामा के बेटे पर अपनी पत्नी की कथित तौर पर गलत तस्वीरें और अश्लील वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया. प्यारेलाल का दावा था कि इन तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसकी पत्नी को कथित तौर पर ब्लैकमेल किया जा रहा था. वीडियो रिकॉर्ड करने के कुछ देर बाद प्यारेलाल ने दुनिया को अलविदा कह दिया. आखिर क्या है पूरा मामला, आइए जानते हैं इस खबर में...

Read more!

'पत्नी को झूठे प्रेम जाल में फंसाकर बनाए अश्लील वीडियो'

कैमरे पर अपनी आपबीती बताते हुए मृतक प्यारेलाल ने आरोप लगाया कि उसके छोटे मामा के लड़के रवि कुशवाहा ने उसकी पत्नी को झूठे प्रेम जाल में फंसाया. इसके बाद उसकी गलत तस्वीरें और अश्लील वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए. प्यारेलाल ने दावा किया कि इन वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसकी पत्नी के साथ पिछले 1 साल से लगातार बलात्कार किया जा रहा था.

मामा के बेटों पर प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप

मृतक का आरोप था कि इस पूरी साजिश और प्रताड़ना में उसके बड़े मामा का लड़का अमित कुशवाहा (जो पेशे से वकील है) भी शामिल था. दोनों मिलकर उसकी पत्नी को ब्लैकमेल कर रहे थे और दिन-रात दबाव बनाकर प्रताड़ित करते थे. इतना ही नहीं, प्यारेलाल ने यह भी दावा किया कि आरोपी उसके बच्चों और उसे जान से मारने की धमकियां देते थे, जिससे उसका पूरा परिवार बेहद तनाव में आ गया था.

यह पढ़ें: गुना: होटल में पुलिस ने मारा छापा! लड़कियों संग आपत्तिजनक हालात में मिले नेता जी, मचा हड़कंप

'मेरी संपत्ति बच्चों के नाम हो', सीएम और कलेक्टर से लगाई गुहार

वीडियो और अपने पीछे छोड़े एक नोट में प्यारेलाल ने इच्छा जताई कि उसकी संपत्ति, घर, नकदी और गहने उसके बच्चों के नाम कर दिए जाएं. मरने से पहले उसने मुख्यमंत्री, स्थानीय कलेक्टर और प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों से रो-रोकर गुहार लगाई कि उसकी मौत के जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. उसने अपने मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग और डिजिटल साक्ष्य मौजूद होने की बात भी कही है.

पुलिस ने शुरू की जांच, मोबाइल और साक्ष्य जब्त

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया. पुलिस ने प्यारेलाल का मोबाइल फोन, सुसाइड नोट और वीडियो अपने कब्जे में ले लिया है. अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल में मौजूद कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही वीडियो में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष सच्चाई सामने आ सकेगी.

यह भी पढ़ें: 20 हजार की रिश्वत, गंदी चैट और फिर होटल में मिलने का दबाव... शहडोल पटवारी आशीष सोनकर पर युवती का गंभीर आरोप, अब हुआ सस्पेंड