अब मामा शिवराज के क्षेत्र में Gen-Alfa ने काटा बवाल, इस मांग को लेकर सड़क पर उतरी छात्राएं !

आकांक्षा ठाकुर

• 11:00 AM • 13 Aug 2026

बस का किराया बढ़कर 25 से अधिक होने से नाराज विदिशा (सिरोंज) की स्कूली छात्राओं ने बस स्टैंड पर जमकर विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी की. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन देकर मामला शांत कराया.

इस मांग को लेकर सड़कों पर उतरीं स्कूली छात्राए
इस मांग को लेकर सड़कों पर उतरीं स्कूली छात्राए
Google CTA

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज से एक चौंकाने वाली और चर्चा में रहने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां स्कूली छात्राएं अपने हक और शिक्षा को निर्बाध जारी रखने के लिए सड़कों पर उतर आई हैं. निजी बसों के मनमाने किराए में हुई बढ़ोतरी से नाराज होकर छात्राओं ने सीधे बस स्टैंड पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया.

Read more!

'विधायक जी, बस किराया कम करो' के लगे नारे

स्कूल यूनिफॉर्म में सिरोंज बस स्टैंड पहुंची छात्राओं के गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे खड़ी बसों के आगे अड़ गईं. छात्राओं ने 'हमारा किराया कम करो विधायक जी' और 'बच्चों को लूटना बंद करो' जैसे नारे लगाए. छात्राओं का कहना है कि वे मध्यमवर्गीय परिवारों से आती हैं और पढ़ना चाहती हैं, लेकिन एकाएक बढ़ा किराया उनकी पढ़ाई के रास्ते में रोड़ा बन रहा है.

10-15 का किराया बढ़कर 25 से ज्यादा हुआ

हाल ही में मध्य प्रदेश में प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने किराए में बढ़ोतरी की है. जहां पहले छात्राओं को अपने घर से स्कूल तक आने-जाने में ₹10 से ₹15 देने पड़ते थे, वहीं अब यह किराया बढ़कर ₹25 से भी ऊपर पहुंच गया है.

प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने मीडिया और अधिकारियों के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब बड़ी बहनें भोपाल जैसे शहरों में कम किराए पर सफर कर सकती हैं, तो उनसे इतना अधिक किराया क्यों वसूला जा रहा है.

शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र का मामला

यह मामला इसलिए भी बेहद अहम हो जाता है क्योंकि विदिशा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संसदीय क्षेत्र है. शिवराज सिंह चौहान प्रदेश की बच्चियों को अपनी 'भांजियां' कहते रहे हैं. ऐसे में 'मामा' के ही क्षेत्र में भांजियों का पढ़ाई के लिए किराए के विरोध में सड़क पर उतरना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है.

प्रशासन ने दिया आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस विभाग के अधिकारी और एसडीएम मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित छात्राओं से बात की, उनकी समस्याएं सुनीं और समझाइश देकर मामले को शांत कराया. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि बस किराए की इस समस्या का जल्द से जल्द उचित समाधान निकाला जाएगा.

ये भी पढ़ें: पन्ना: गरीबी में कट रही थी मजदूरों की जिंदगी, खदान में मिला 50 लाख का हीरा, बोले- सबसे पहले पूरा करेंगे ये सपना