Sagar Liquor Death Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध और जहरीली शराब त्रासदी मामले में पुलिस ने बेहद सख्त कार्रवाई की है. पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ के बाद ₹10,000 के इनामी आरोपी शिवंजय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश के रास्ते गांव भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमानक और जहरीली शराब के कारण बंडा और विनायका क्षेत्र में हुई मौतों के मामले में शिवंजय राजपूत लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि छापरी निवासी आरोपी शिवंजय राजपूत उत्तर प्रदेश के रास्ते होते हुए अपने गांव की ओर आ रहा है. सूचना मिलते ही बहरोल और बांदरी थाना प्रभारियों की टीम ने लोकेशन ट्रैक कर कटवा पुल के पास घेराबंदी की.
पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
कटवा पुल के पास जब पुलिस टीम का आरोपी से आमना-सामना हुआ और उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी गई, तो उसने अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी शिवंजय के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा. पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.
यह पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड: एक और आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, हथियार-जिंदा कारतूस बरामद
एनकाउंटर पर सीएम का बयान: 'कानून व्यवस्था से समझौता नहीं'
सागर में हुए इस शॉर्ट एनकाउंटर को लेकर मुख्यमंत्री का बयान भी सामने आया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर की घटना में शामिल दूसरे आरोपी का भी शॉर्ट एनकाउंटर करके उसे गोली मारकर पकड़ा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर (Law and Order) को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और हर अपराधी के खिलाफ इसी तरह कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.
मामले में अब तक 19 आरोपी गिरफ्तार
उल्लेखनीय है कि सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने की वजह से 15 लोगों की दुखद मौत हो गई थी, जबकि 40 से अधिक लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हुए थे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में जांच लगातार जारी है और अब तक कुल 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
ADVERTISEMENT


