Twisha Sharma News: मॉडल ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत का मामला अब पूरी तरह गरमा चुका है. देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी, सीबीआई (CBI) ने इस हाई-प्रोफाइल केस की कमान अपने हाथों में ले ली है. सोमवार को सीबीआई ने भोपाल पुलिस से केस की डायरी और सारे दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर नए सिरे से एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली. इस बीच, भोपाल की कटारा हिल्स पुलिस की 7 दिनों की रिमांड पर चल रहे ट्विशा के पति समर्थ सिंह से पूछताछ में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं.
ADVERTISEMENT
पुलिस सूत्रों की मानें तो समर्थ पूछताछ में घूम-फिरकर वही दलीलें दे रहा है, जो उसकी मां गिरीबाला सिंह शुरुआत से कहती आ रही हैं. समर्थ ने ट्विशा की मौत के पीछे उसके बदले हुए बर्ताव और ग्लैमर वर्ल्ड (मॉडलिंग-एक्टिंग) की महत्वाकांक्षाओं को वजह बताया है.
प्रेग्नेंसी के बाद बदलने लगा था बर्ताव
समर्थ ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ बिल्कुल ठीक था. दोनों के बीच दरार तब आई, जब 17 अप्रैल को ट्विशा को अपनी प्रेग्नेंसी का पता चला. समर्थ के मुताबिक, इसके बाद ट्विशा का व्यवहार अचानक बदल गया. वह अक्सर कहती थी कि वह एक ग्लैमर की दुनिया से ताल्लुक रखती है और उसके लिए एक साधारण घरेलू महिला की तरह जिंदगी बिताना बेहद मुश्किल है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे.
बिना बताए दिल्ली जाने से बढ़ी दूरियां
समर्थ ने अप्रैल महीने की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि दोनों के रिश्ते किस कदर बिगड़ चुके थे. उसने कहा, "अप्रैल में हम दोनों को एक साथ बेंगलुरु जाना था. लेकिन ऐन वक्त पर ट्विशा ने मना कर दिया और कहा कि वह अपने भाई से मिलने अजमेर जा रही है."
समर्थ अकेले बेंगलुरु चला गया और ट्विशा अजमेर के लिए निकल गई. लेकिन बाद में समर्थ को पता चला कि ट्विशा अजमेर में सिर्फ एक दिन रुकी और उसे बिना बताए दिल्ली चली गई. जब समर्थ ने इस पर आपत्ति जताई तो दोनों के बीच का तनाव और ज्यादा बढ़ गया.
12 मई की खौफनाक रात
ट्विशा की मौत वाली रात यानी 12 मई की कहानी बताते हुए समर्थ ने दावा किया कि उस दिन सब कुछ नॉर्मल था. रात को खाना खाने के बाद दोनों सोसाइटी के पार्क में टहलने भी गए थे. वहां से लौटकर दोनों ने टीवी देखा.
इसके बाद समर्थ सोने चला गया, जबकि ट्विशा नीचे बैठकर अपने घरवालों से फोन पर बात करने लगी. देर रात समर्थ की मां गिरीबाला सिंह ने उसे जगाया और कहा कि ट्विशा की मां का फोन आया था कि ट्विशा उनका कॉल रिसीव नहीं कर रही है. जब दोनों ने घर में तलाश शुरू की तो ट्विशा छत पर फंदे से लटकी मिली. समर्थ का दावा है कि उसने और उसकी मां ने तुरंत ट्विशा को नीचे उतारा, सीपीआर (CPR) दिया और भोपाल एम्स लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जबलपुर में फरारी और सीक्रेट मददगार
घटना के बाद समर्थ फरार हो गया था. उसने कुबूल किया है कि वह करीब एक हफ्ते तक जबलपुर में छिपा रहा. पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन पूरी तरह बंद कर दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके.
अब पुलिस और सीबीआई के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जबलपुर में समर्थ को पनाह किसने दी? वह कौन था जिसने पुलिस से बचने में उसकी मदद की? हालांकि, समर्थ ने अपने उन मददगारों के नाम उगलने से साफ इनकार कर दिया है.
दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे
33 साल की मॉडल-एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा के परिवार का आरोप बेहद गंभीर है. उनका कहना है कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया कि उसने दम तोड़ दिया. भोपाल पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु), 85 (क्रूरता), 3(5) (साझा इरादा) और दहेज निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है.
दूसरी तरफ, ससुराल पक्ष का आरोप है कि ट्विशा को ड्रग्स की लत थी. हाई कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा का दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम भी कराया गया है.
सुप्रीम कोर्ट ने खुद लिया संज्ञान
इस मामले की गूंज देश की सबसे बड़ी अदालत तक पहुंच चुकी है. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए सोमवार को सुनवाई की. अदालत ने कहा कि एक महिला की इस तरह अचानक मौत होना बेहद गंभीर मामला है और सच सामने आना ही चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि वह इस संवेदनशील मामले में किसी भी तरह की अफवाहों और अटकलों से दूर रहना चाहता है.
परिवार के प्रति संवेदना
कोर्ट ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि अपनी बेटी को खोने का दर्द असहनीय होता है और अदालत उनके दुख को समझती है. कोर्ट ने शुरुआती जांच में सामने आईं कुछ कमियों और अनियमितताओं पर चिंता जताई. कोर्ट ने सख्त निर्देश दिए कि जांच एजेंसियों को ऐसे मामलों में पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निष्पक्ष जांच करनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: जांच भटकाने की कोशिश कर रही सास गिरिबाला सिंह... ट्विशा शर्मा मामले में सॉलिसिटर जनरल ने सुप्रीम कोर्ट में
ADVERTISEMENT


