ट्विशा को थी ड्रग्स की लत, नहीं मिलने पर कांपते थे हाथ... कोर्ट में रिटायर्ड जज सास का बड़ा दावा, बहू पर लगाए ये गंभीर आरोप!

Twisha Sharma Drug Addict: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में मुख्य आरोपी और रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल कर मृतका पर ड्रग्स लेने और परिवार में एडजस्ट न होने के गंभीर आरोप लगाए हैं.

ट्विशा शर्मा मामला
ट्विशा शर्मा मामला

अरुण त्यागी

follow google news

Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब कोर्ट की दहलीज पर पहुंच चुका है. जहां आरोप-प्रत्यारोप का एक नया और चौंकाने वाला दौर शुरू हो गया है. एक तरफ जहां मायके वाले इसे सीधे तौर पर प्रताड़ना और हत्या का मामला बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मामले की मुख्य आरोपी और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल कर मृतका पर ही बेहद गंभीर आरोप मढ़ दिए हैं. रिटायर्ड जज सास ने अपनी बहू को ड्रग्स की आदी बताते हुए कोर्ट के सामने अपनी बेगुनाही की दलीलें पेश की हैं.

Read more!

ड्रग्स न मिलने पर कांपते थे ट्विशा के हाथ

कोर्ट में पेश किए गए जमानती आवेदन में सास गिरिबाला सिंह की तरफ से कहा गया है कि 12 मई 2026 की रात लगभग 10 बजे ट्विशा ने कटारा हिल्स स्थित अपने घर की छत पर खुद की जान ले ली थी.

अर्जी में ट्विशा के अतीत का हवाला देते हुए बताया गया है कि शादी से पहले वह एक फिल्म एक्ट्रेस और मॉडल थीं, जिन्होंने तेलुगु सहित कई भाषाओं की फिल्मों और विज्ञापनों में बतौर हीरोइन काम किया था. शादी के वक्त वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) कर रही थीं.

सास का आरोप है कि शादी के बाद जब ट्विशा भोपाल आईं तो उनके व्यवहार से साफ लगने लगा कि वे नशे (ड्रग्स) की आदी हैं. याचिका में दावा किया गया है कि जब ट्विशा को कुछ समय तक ड्रग्स नहीं मिलती थी तो उनके हाथ कांपने लगते थे और उनका स्वभाव बेहद चिड़चिड़ा हो जाता था. सास का तो यह भी कहना है कि जब उन्होंने इस बारे में ट्विशा के पिता से बात की, तो वहां से भी उनके ड्रग्स लेने की बात की पुष्टि हुई थी. इसी वजह से वह महज पांच महीने के वैवाहिक जीवन में पांच बार ससुराल छोड़कर मायके या अन्य जगहों पर चली गई थीं.

प्रेगनेंसी और 'घरेलू महिला का नाटक

जमानत याचिका में 17 अप्रैल 2026 की एक घटना का विशेष जिक्र किया गया है. सास के मुताबिक, इसी दिन ट्विशा को पहली बार अपने गर्भवती होने का पता चला था, जिसके बाद वह पति समर्थ सिंह के साथ हजेला अस्पताल भी गई थीं.

आरोप है कि गर्भधारण की बात सामने आते ही ट्विशा का बर्ताव सास और पति के प्रति अचानक बहुत अजीब और परेशान करने वाला हो गया. अस्पताल से लौटते ही ट्विशा ने अपना सामान बैग में समेटा और कहा, "मैं अब नोएडा अपने घर जा रही हूं, मुझसे अब यह घरेलू महिला का नाटक और नहीं हो पाएगा." इस बात से पूरा परिवार सन्न रह गया था. इसके अगले दिन यानी 18 अप्रैल को वह फ्लाइट से दिल्ली तो पहुंचीं, लेकिन सीधे घर जाने के बजाय काफी देर से पहुंचीं और इसका कोई साफ कारण भी नहीं बताया.

क्या है मायके वालों का आरोप और पोस्टमार्टम का सच?

इस पूरे मामले में ट्विशा के माता-पिता की कहानी बिल्कुल अलग और दिल दहला देने वाली है. नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी. मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि शादी के बाद से ही सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ ने मिलकर ट्विशा को असहनीय मानसिक और शारीरिक यातनाएं देना शुरू कर दिया था.

ट्विशा की संदिग्ध मौत के बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस मामले को पूरी तरह पलट कर रख दिया है. रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि ट्विशा दो महीने की गर्भवती थीं, लेकिन मौत से महज एक हफ्ते पहले उनका जबरन गर्भपात (MTP) कराया गया था. इतना ही नहीं, उनके शरीर पर मौत से पहले की कई गंभीर चोटों के निशान (मल्टीपल एंटीमॉर्टम इंजरी) मिले हैं, जो सीधे तौर पर हत्या की आशंका को मजबूत करते हैं.

अब एक तरफ कोर्ट में खुद को बेकसूर बताने के लिए सास की तरफ से ट्विशा के लाइफस्टाइल और आदतों को ढाल बनाया जा रहा है, तो दूसरी तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट के कड़वे तथ्य और मायके वालों के आंसू इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं. अदालत इस पूरे मामले में दोनों पक्षों की दलीलों को देखने के बाद क्या फैसला लेती है इस पर सबकी नजरें टिकी हैं.

ये भी पढेंं: भोपाल: ट्विशा शर्मा मामले में पोस्टमार्टम में हुई बड़ी लापरवाही, क्या वाकई छुपा लिया गया था सबसे अहम सबूत!

ये भी पढ़ें: 'मैं फंस गई हूं यार...' मौत से पहले ट्विशा शर्मा का आखिरी चैट वायरल, बेस्ट फ्रेंड को बताया था दिल का हाल, जानें

    follow google news