उमरिया: गर्लफ्रेंड से मिलने निकला दीपक यादव, फिर अचानक हुआ लापता... अब 4 दिन बाद मिली बॉडी, आखिर उस रात क्या हुआ?

न्यूज तक डेस्क

• 02:13 PM • 16 Sep 2026

Umaria Deepak Yadav Death Case: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के मजमानी खुर्द में 8 सितंबर से लापता युवक दीपक यादव का शव उसकी महिला मित्र के घर से 50 मीटर दूर खेत-जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. शव पर तार और चप्पल मिलने से परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.

दीपक यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (प्रतिकात्मक फोटो)
दीपक यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (प्रतिकात्मक फोटो)
Google CTA

Umaria Deepak Yadav Death Case: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां मजमानी खुर्द गांव का रहने वाला 24 वर्षीय युवक दीपक यादव अपनी महिला मित्र से मिलने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा. करीब चार दिनों तक चले खोजबीन अभियान के बाद युवक का शव उसकी महिला मित्र के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर खेत और जंगल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है. शव की हालत और मौके से मिले साक्ष्यों को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.

Read more!

8 सितंबर की रात से लापता था युवक

जानकारी के अनुसार, मजमानी खुर्द निवासी दीपक यादव 8 सितंबर की रात करीब 9:00 बजे अपने घर से अपनी महिला मित्र से मिलने जाने की बात कहकर निकला था. इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लगा. परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन सफलता न मिलने पर कोतवाली पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.

महिला मित्र के घर के पास मिला शव

गुमशुदगी दर्ज होने के चौथे दिन यानी 11 सितंबर को गांव के पास ही जंगल-खेत के इलाके में दीपक यादव का शव पड़ा मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि शव के ऊपर चप्पल और तार पड़े हुए थे. इस आधार पर परिजनों का आरोप है कि दीपक की सामान्य मौत नहीं हुई है, बल्कि किसी ने उसकी करंट लगाकर या किसी अन्य तरीके से हत्या की है और शव को फेंक दिया है.

यह पढ़ें: 'इंदौर: एक साथ होटल में पहुंचे दीपक और सोनीला, फिर 40 मिनट बाद बाहर आई महिला की लाश, आखिर कमरे नंबर 101 में क्या हुआ?


 

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लिया. मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को शहडोल मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दीपक आखिरी बार किसके साथ था, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव वहां तक कैसे पहुंचा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी और यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इनपुट:दिनेश भट्ट

यह भी पढ़ें: 'मैं घर पर अकेला हूं आ जाओ...' रीवा में नगर परिषद के CMO का कथित ऑडियो वायरल, महिला ऑपरेटर को घर बुलाने का आरोप