पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर असंवेदनशील पोस्ट साझा करना मध्य प्रदेश की एक महिला डेंटिस्ट को भारी पड़ गया है. आरोपी लड़की का पक्ष लेने और मृतक का मजाक उड़ाने के मामले में ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एवं सर्जन एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है. संस्था ने एमपी विंग की कोषाध्यक्ष डॉ. मुस्कान सोनी को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है. इसके साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता को भी आगामी 5 वर्षों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
पुणे में बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की उनकी होने वाली पत्नी सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन के साथ मिलकर हत्या कर दी थी. इस घटना के सामने आने के बाद डॉ. मुस्कान सोनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर की थी. इस पोस्ट में उन्होंने मुख्य आरोपी सिया गोयल का न सिर्फ बचाव किया, बल्कि मृतक केतन अग्रवाल को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखीं. उन्होंने लिखा कि अगर आप ऐसा झूठ बोलेंगे तो निश्चित रूप से मारे जाएंगे. इसके साथ ही उन्होंने अपनी पोस्ट में 'आई हेट मैन' (#IHateMen) हैशटैग का भी इस्तेमाल किया था. सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई, जिसकी चौतरफा निंदा हुई.
माफीनामा भी नहीं आया काम
मामला तूल पकड़ने और चौतरफा घिरने के बाद डॉ. मुस्कान ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो जारी कर अपने शब्दों के चयन के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. उन्होंने सफाई दी कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था. हालांकि, एसोसिएशन की अनुशासन समिति ने उनके इस माफीनामे को ठुकरा दिया. संस्था का मानना है कि उनकी टिप्पणी चिकित्सा पेशे की गरिमा और नियमों के बिल्कुल विपरीत थी. डॉक्टर का कार्य समाज में संवेदनशीलता बनाए रखना होता है, जबकि उनकी इस हरकत से समाज में नफरत का गलत संदेश गया है.
पहले से ही विवादों में रही हैं डॉ. मुस्कान
विजरावगढ़ सिविल अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, डॉ. मुस्कान सोनी की कार्यशैली पहले से ही विवादित और संदेह के दायरे में रही है. उमरिया जिले से प्रशासनिक ट्रांसफर होकर यहां आने के बाद से ही उनकी अनुपस्थिति और वेतन को लेकर शिकायतें बनी रहती थीं. वे कई बार बिना बताए गायब रहती थीं और अनाधिकृत रूप से रजिस्टर में दस्तखत करती थीं, जिसके लिए उन्हें पूर्व में नोटिस भी दिए गए थे. उनकी निगरानी के लिए बाकायदा दो नर्सों की टीम लगाई गई थी जो रोज़ उनके कमरे के खुलने की रिपोर्ट तैयार करती थी.
पुणे केस से ताजा हुईं इंदौर की यादें
पुणे का यह हत्याकांड सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर में साल 2025 में हुए चर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस की यादें ताजा हो गई हैं. उस मामले में भी राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था. फिलहाल पुणे पुलिस सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, वहीं इंदौर मामले में आरोपी सोनम को हाई कोर्ट से मिली जमानत के खिलाफ राजा का परिवार अब सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में है.
दो वकील, एक आरोपी और नया बवाल... फिर सिया को कोर्ट से मिली परमिशन तो ऐसे पलट गया पूरा मामला
ADVERTISEMENT

