Trillionaire Elon Musk: दुनिया के पहले 'ट्रिलेनियर' बने एलॉन मस्क, खरबपति बनते ही बताया अपना सबसे बड़ा सपना

न्यूज तक डेस्क

• 10:54 AM • 13 Jun 2026

स्पेसएक्स की बंपर शेयर मार्केट लिस्टिंग के बाद एलॉन मस्क 1.11 ट्रिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के पहले खरबपति (ट्रिलेनियर) बन गए हैं. इस ऐतिहासिक कामयाबी पर मस्क ने कहा कि उनका असली मकसद इस फंड से मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती बसाने के सपने को पूरा करना है.

follow google news
1.

1/7

|

टेक जगत के बेताज बादशाह एलॉन मस्क ने इतिहास के पन्नों में एक ऐसा नया अध्याय लिख दिया है, जहाँ आज तक दुनिया का कोई भी अमीर इंसान नहीं पहुंच सका. मस्क अब सिर्फ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति ही नहीं रहे, बल्कि वे अधिकारिक तौर पर इस प्लैनेट के पहले 'खरबपति' (Trillionaire) बन चुके हैं. उनकी इस अविश्वसनीय कामयाबी के पीछे उनकी एयरोस्पेस कंपनी 'स्पेसएक्स' (SpaceX) का हाथ है, जिसने शेयर बाजार में कदम रखते ही मस्क की झोली में पैसों की ऐसी बारिश की कि हर कोई दंग रह गया.
 

2.

2/7

|

स्पेसएक्स की लिस्टिंग ने पलटी मस्क की किस्मत- दरअसल, लंबे समय से चर्चा में रही स्पेसएक्स आखिरकार शेयर मार्केट में लिस्ट हो गई है. बाजार में कदम रखने से पहले मस्क इस जादुई आंकड़े से महज कुछ ही कदम दूर थे, लेकिन जैसे ही स्पेसएक्स के शेयर लिस्ट हुए, मस्क की किस्मत ने रॉकेट की रफ्तार पकड़ ली. महज कुछ ही समय में उनकी कुल संपत्ति में 139 अरब डॉलर (करीब 13.22 लाख करोड़ रुपये) का तगड़ा उछाल आया. ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के ताजा आँकड़ों के मुताबिक, अब मस्क की कुल नेटवर्थ 1.11 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुँच चुकी है.
 

3.

3/7

|

दो दिन में कमा लिए दूसरे सबसे अमीर से भी ज्यादा पैसे- मस्क की इस छप्परफाड़ कमाई का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उन्होंने बीते दो दिनों में जितनी दौलत बटोरी है, उतनी तो दुनिया के दूसरे सबसे अमीर इंसान लैरी पेज की कुल नेटवर्थ भी नहीं है. गुरुवार को मस्क की संपत्ति में 24 घंटे के भीतर 274 अरब डॉलर का इजाफा हुआ था, और शुक्रवार को इसमें 139 अरब डॉलर और जुड़ गए. यानी सिर्फ 48 घंटों में मस्क ने 413 अरब डॉलर छाप लिए, जबकि अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद लैरी पेज की कुल नेटवर्थ ही 306 अरब डॉलर है.
 

4.

4/7

|

कई बड़े देशों की जीडीपी को भी छोड़ दिया पीछे- साल 2026 मस्क के लिए किसी सुनहरे दौर से कम नहीं रहा है. इस साल अब तक उनकी संपत्ति में करीब 490 अरब डॉलर की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. आज की तारीख में मस्क की 1.11 ट्रिलियन डॉलर की यह अकूत दौलत, दुनिया के कई विकसित और विकासशील देशों की कुल जीडीपी (GDP) से भी कहीं ज्यादा है. मस्क अकेले ही ताइवान (976.7 अरब डॉलर), आयरलैंड (779 अरब डॉलर) और इजराइल (719 अरब डॉलर) जैसे देशों की अर्थव्यवस्थाओं से कहीं आगे निकल चुके हैं.
 

5.

5/7

|

आईपीओ मार्केट में स्पेसएक्स का धमाकेदार डेब्यू- अगर बात करें स्पेसएक्स के मार्केट डेब्यू की, तो इसने निवेशकों को मालामाल कर दिया. कंपनी ने अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए 135 डॉलर का प्राइस बैंड तय किया था, लेकिन जब इसकी लिस्टिंग हुई तो यह 15 डॉलर प्रीमियम के साथ सीधे 150 डॉलर पर खुला. शुरुआती कारोबार के दौरान ही शेयर आसमान छूते हुए 176.52 डॉलर तक जा पहुँचे. हालांकि, जब बाजार बंद हुआ तब यह 25.95 डॉलर की बढ़त के साथ 160.95 डॉलर पर सेटल हुआ.

6.

6/7

|

पैसे कमाना नहीं, 'मंगल ग्रह' है असली टारगेट- इस ऐतिहासिक कामयाबी के बाद एलॉन मस्क ने साफ कर दिया कि उनका मकसद सिर्फ पैसा कमाना या कंपनी को पब्लिक करना नहीं था. मस्क के मुताबिक, स्पेसएक्स को शेयर बाजार में लाने का असली उद्देश्य अपने सबसे बड़े और लॉन्गटर्म प्रोजेक्ट्स के लिए फंड जुटाना है. कंपनी की भविष्य की योजनाओं में दुनिया भर में उपग्रहों (Satellites) का एक विशाल नेटवर्क तैयार करना, अंतरिक्ष में डेटा सेंटर का इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना और अंततः मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती बसाने के मिशन को पूरा करना शामिल है.
 

7.

7/7

|

स्पेसएक्स आपको चांद-सूरज से भी आगे ले जाएगा- अपनी इस उपलब्धि के बाद मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो मैसेज शेयर करते हुए अपने दिल की बात कही. उन्होंने बेहद भावुक और जोश भरे अंदाज में कहा, "हम हर उस इंसान का सपना पूरा करना चाहते हैं जो चांद, मंगल या हमारे सौर मंडल में कहीं भी घूमना चाहता है. हम आपको वहाँ लेकर जाएंगे. हमारी स्पेसएक्स टीम इतनी शानदार और काबिल है कि मुझे पूरा भरोसा है कि हम आने वाले समय में इस असंभव दिखने वाले काम को मुमकिन कर दिखाएंगे."

यह भी पढ़ें...
follow whatsapp