सिद्धारमैया ने कर्नाटक के सीएम की कुर्सी छोड़ दी है. अब उनके बाद इस पद को डीके शिवकुमार संभालने वाले हैं. डीके शिवकुमार वो राजनेता हैं जो जिन्हें न सिर्फ कांग्रेस का संकटमोचक कहा जाता है बल्कि लोग उन्हें उनके महंगे शौख के लिए भी जानते हैं. एक तरफ जहां हमारे देश में ज्यादातर नेता अपनी अमीर जीवनशैली को छुपाने की कोशिश करते हैं, वहीं डीके शिवकुमार इस मामले में बिल्कुल अलग हैं. उन्हें महंगे कश्मीरी स्कार्फ, लग्जरी घड़ियों और आलीशान पेन का शौक है और वो इसे छिपाते भी नहीं हैं.
ADVERTISEMENT
क्या मुझे अपनी पसंद की घड़ी पहनने का हक नहीं?
इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार डीके शिवकुमार अपने इस महंगे शौक को लेकर हमेशा खुलकर बात करते रहे हैं. जब विपक्ष ने उनकी कार्टियर और रोलेक्स घड़ियों को लेकर आलोचना की थी तो उन्होंने पलटवार करते हुए बेबाकी से पूछा था, 'क्या मुझे अपनी पसंद की घड़ी पहनने का अधिकार नहीं है?'
एक बार तो वह बेंगलुरु में कचरा प्रबंधन प्लांट का दौरा करने पहुंचे थे और तब भी उन्होंने गले में लुई विटॉन ब्रांड का स्टोल (स्कार्फ) डाला हुआ था. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि शिवकुमार को इस तरह के लग्जरी लाइफस्टाइल की प्रेरणा कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा से मिली है.
क्या क्या है डीके शिवकुमार के लग्जरी कलेक्शन में
- डीके शिवकुमार के कलेक्शन में 54,000 की कीमत वाला Gucci jacquard wool scarf और 1 लाख से अधिक की कीमत वाला Louis Vuitton Reykjavik scarf शामिल है.
- वह ब्लैकबेरी के मफलर भी यूज करते हैं, जो अमूमन 52 हजार से 86 हजार रुपये में आती है.
- इसके अलावा वो रॉलेक्स की घड़ियां पहनते हैं, वह 18 से 55 हजार डॉलर में बिकती हैं.
- ठीक वैसे ही उनके कलेक्शन में कार्टियर की घड़ी भी है जिसकी कीमत 45 से 55 हजार डॉलर है, जिसकी वैल्यू रुपये में 43 से 53 लाख होती है.
- फ्रेंडी के स्कार्फ भी अमूमन 720 डॉलर के होते हैं यानी 70 हजार रुपये के आते हैं
आलीशान शौक लेकिन फिर भी जनता के नेता
भले ही डीके शिवकुमार के शौक राजा-महाराजाओं जैसे हों लेकिन जमीन पर वह एक आम इंसान की तरह ही नजर आते हैं. इकोनॉमिक टाइम्स की इसी रिपोर्ट में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव शंकर गुहा द्वारकानाथ बताते हैं कि शिवकुमार को बेंगलुरु के मशहूर 'विद्यार्थी भवन' रेस्ट्रां का डोसा बेहद पसंद है. कर्नाटक की जनता भी अपने नेताओं के रसूख और उनकी अच्छी लाइफस्टाइल को आसानी से स्वीकार कर लेती है.
उनके एक पार्टी सहयोगी ने बताया कि शिवकुमार देर रात तक काम करते हैं और बहुत कम सोते हैं. उन्हें महंगे चश्मों का भी शौक है. हालांकि, उनके पास मौजूद कई महंगी चीजें उनके शुभचिंतकों द्वारा गिफ्ट की गई हैं और उनके सारे स्कार्फ महंगे ब्रांड्स के ही नहीं होते. खास बात यह है कि इतनी दौलत होने के बाद भी वह चार्टर्ड प्लेन के बजाय आम फ्लाइट्स से सफर करते हैं और एयरपोर्ट पर वीआईपी लाउंज के बजाय आम यात्रियों के बीच बैठना पसंद करते हैं.
चुनावी हलफनामे में खुली अरबों की संपत्ति की पोल
साल 2023 के विधानसभा चुनाव के वक्त डीके शिवकुमार ने चुनाव आयोग को जो एफिडेबिट यानी हलफनामा सौंपा था उसके आंकड़े किसी को भी हैरान कर सकते हैं. मायनेता डॉट कॉम पर दर्ज जानकारी के मुताबिक डीके शिवकुमार और उनके परिवार की कुल नेटवर्थ 1,413 करोड़ रुपये से ज्यादा है. हालांकि, रईसी के साथ-साथ उन पर देनदारी भी अच्छी-खासी है. हलफनामे में उन्होंने 503 करोड़ रुपये का कर्ज भी घोषित किया था.
चल और अचल संपत्ति का पूरा गणित
शिवकुमार की संपत्ति को अगर चल (कैश, शेयर्स और एफडी) और अचल (जमीन, मकान) के आधार पर समझें तो शिवकुमार और उनके परिवार के अलग-अलग बैंक खातों में 16 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी जमा है. उनकी निजी चल संपत्ति 244 करोड़ रुपये है, जबकि पूरे परिवार को मिला लें तो यह आंकड़ा 273 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.
जमीन-जायदाद: अचल संपत्ति के मामले में शिवकुमार बेहद मजबूत हैं. उनके पास अकेले 970 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. जो कि पूरे परिवार के नाम पर दर्ज होने के बाद बढ़कर 1,140 करोड़ रुपये हो जाती है.
शेयर बाजार में निवेश और आलीशान घड़ियों का शौक
देश के दिग्गज बैंकों से लेकर बड़ी कंपनियों तक में शिवकुमार ने पैसा लगा रखा है. उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, कौस्तुभा प्रोजेक्ट्स और वीक्रॉस डेवलपर्स जैसी कंपनियों के 4.20 करोड़ रुपये के शेयर्स खरीदे हुए हैं. इसके अलावा, उनके नाम पर करीब 9 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) भी है.
लग्जरी लाइफस्टाइल का है शौक
रहन-सहन की बात करें तो शिवकुमार को लग्जरी लाइफस्टाइल का शौक है. उनके पास रोलेक्स और ह्यूब्लो जैसी ब्रांडेड और बेहद कीमती घड़ियां हैं. इसके अलावा, शिवकुमार, उनकी पत्नी और बच्चों के पास मौजूद सोने, चांदी और डायमंड के गहनों की कुल वैल्यू 3.28 करोड़ रुपये से ज्यादा है.
900 करोड़ का शॉपिंग मॉल और दिल्ली-बेंगलुरु में आलीशान फ्लैट्स
डीके शिवकुमार की रियल एस्टेट होल्डिंग्स भी काफी बड़ी है. शिवकुमार और उनकी पत्नी के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपये की खेती की जमीन रजिस्टर्ड है. इसके अलावा देश की राजधानी दिल्ली से लेकर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु तक उनके पास कई लग्जरी घर और फ्लैट्स हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत 84 करोड़ रुपये से ज्यादा है.
कमर्शियल प्रॉपर्टी
शिवकुमार की सबसे बड़ी कमाई और संपत्ति का जरिया बेंगलुरु का मशहूर 'ग्लोबल मॉल' है, जिसकी अकेले की कीमत करीब 900 करोड़ रुपये आंकी गई है. इसके अलावा परिवार के पास कई दुकानें और व्यापारिक परिसर भी मौजूद हैं. साफ है कि कर्नाटक की सत्ता के शिखर पर पहुंचने जा रहे डीके शिवकुमार न सिर्फ सियासी तौर पर ताकतवर हैं, बल्कि आर्थिक मोर्चे पर भी उनका कोई सानी नहीं है.
ADVERTISEMENT


