'मेरा बेटा मेरी जान था...' केतन अग्रवाल की मां का दर्द सुन भर आएंगी आंखें, होने वाली बहु सिया गोयल के बारे में बताई चौंकाने वाली बातें

Ketan Agarwal Mother Interview: पुणे के लोहागढ़ किले में हुए बिजनेसमैन केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब मृतक की मां राखी अग्रवाल का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने रोते हुए अपनी होने वाली बहू सिया गोयल और उसके पूरे परिवार पर केतन की हत्या की साजिश रचने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है. देखें उन्होंने बातचीत में क्या क्या बताया.

केतन अग्रवाल मर्डर केस में मां का रो-रोकर बुरा हाल
केतन अग्रवाल मर्डर केस में मां का रो-रोकर बुरा हाल

श्रीकृष्ण पांचाल

follow google news

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे में केतन अग्रवाल मर्डर केस ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. इस पूरे मामले में अब मृतक केतन अग्रवाल की मां राखी अग्रवाल ने अपने दिल का दर्द बयां किया है. आज तक से खास बातचीत में भावुक होते हुए केतन की मां ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने रोते हुए कहा कि मेरा बेटा चला गया और मैं इस वक्त गहरे सदमे में हूं. मुझे एक बार भी नहीं लगा था कि सिया ऐसी लड़की है और वो ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगी. उन्होंने सरकार और पुलिस से मांग की है कि उनके बेटे को हर हाल में इंसाफ मिले और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए.

Read more!

सगाई के चार महीनों में हमसे छिपाई गईं कई बड़ी बातें

केतन की मां राखी अग्रवाल ने बताया कि केतन और सिया की सगाई को चार महीने हो चुके थे. इस दौरान सिया दो-तीन बार उनके घर भी आई थी. वह होली के प्रोग्राम में बच्चों के साथ खेली और घर में हुई एक पूजा के दौरान तो वह पूरा दिन साथ रही थी. उसका बर्ताव सबके साथ बहुत अच्छा था लेकिन वो एक नाटक कर रही थी जिसका किसी को अंदाजा नहीं था. राखी अग्रवाल के मुताबिक सिया के पेरेंट्स ने हमसे ये बात पूरी तरह छिपाई कि सिया लेट नाइट पार्टी करती है और ड्रिंक लेती है. उन्होंने सिया के अफेयर्स की बात भी हमसे पूरी तरह छुपा कर रखी. सगाई से पहले ही हमने सिया और उसके घरवालों को साफ कह दिया था कि हमारे घर में ड्रिंक पार्टी नहीं चलती है.

सिया ही नहीं बल्कि उसका पूरा गोयल परिवार है अपराधी

राखी अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि केतन की हत्या में सिर्फ सिया और उसका बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ही नहीं बल्कि सिया का पूरा परिवार शामिल है. उन्होंने कहा कि यह पूरी गोयल फैमिली की सोची-समझी प्लानिंग थी. सिया के मम्मी, पापा, भाई और बुआ-फूफा सब इस पूरी साजिश में शामिल हैं और इन सभी अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. वारदात के दिन भी इन लोगों ने यहां आकर हमारे लिए कुछ नहीं किया. हमारी पूरी फैमिली को धोखे में रखकर फंसाया गया है. मैं अपने बेटे के इंसाफ के लिए अब चुप नहीं बैठूंगी.

केतन को पहले भी दो-तीन बार मारने की हुई थी कोशिश

इंटरव्यू के दौरान केतन की मां ने एक और सनसनीखेज दावा किया. उन्होंने कहा कि सिया ने मेरे बेटे को मारने की पहले भी दो-तीन बार कोशिश की थी. उस समय मेरा बेटा बच गया था लेकिन वह सिया के इन इशारों और साजिशों को समझ नहीं पाया क्योंकि हमें उस पर पूरा भरोसा था. उन्होंने बताया कि केतन उनका इकलौता 26 साल का बेटा था जिसे उन्होंने बहुत लाड़-प्यार से पाला था. केतन उनकी जान था और वह हर बात अपनी मां से शेयर करता था. वह न तो ड्रिंक करता था और न ही फालतू बाहर जाता था. वह जब भी कहीं जाता तो सिर्फ अपनी जॉइंट फैमिली के साथ ही बाहर जाता था.

यह पढ़ें: बेकरी में हुआ प्यार... सगाई के बाद भी प्रेमी को नहीं भूल पाई, जानिए कौन हैं सिया गोयल, जिसने मंगेतर केतन अग्रवाल को दी दर्दनाक मौत!

जानिए क्या है पुणे का केतन अग्रवाल हत्याकांड?

दरअसल यह पूरा मामला 18 जून 2026 का है जब पुणे के पास लोहागढ़ किले पर 26 साल के रियल एस्टेट डायरेक्टर केतन विशाल अग्रवाल की मौत हो गई थी. शुरुआत में इस घटना को एक साधारण ट्रेकिंग हादसा माना जा रहा था. लेकिन जब पुणे पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की तो यह एक सोची-समझी हत्या की बात सामने आई. पुलिस जांच में सामने आया कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था. सिया जन्मदिन मनाने के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर लेकर गई थी और वहां उसने चेतन के साथ मिलकर केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया. पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

इनपुट: कृष्णा पांचाल

यह भी पढ़ें: सिया और चेतन चौधरी की कैसे शुरू हुई थी लव स्टोरी? जानें कहां हुई थी पहली मुलाकात, अब सामने आई इनसाइड स्टोरी

    follow google news