Election 2026: 5 राज्यों में बजने वाला है चुनावी बिगुल, आज शाम चुनाव आयोग करेगा तारीखों का बड़ा ऐलान!

चुनाव आयोग आज शाम 4 बजे पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा. सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के बीच इस बार मतदान के चरणों को कम रखने पर विचार किया जा रहा है.

राज्यों में चुनाव की तारीखों का होगा ऐलान
राज्यों में चुनाव की तारीखों का होगा ऐलान

संजय शर्मा

follow google news

राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों के लिए आज का दिन बेहद खास है. भारतीय चुनाव आयोग (ECI) आज शाम पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के शेड्यूल की घोषणा करने जा रहा है. चुनाव आयोग ने शाम 4 से 5 बजे के बीच विज्ञान भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जहां इन राज्यों के चुनावी महाकुंभ की तारीखों का आधिकारिक ऐलान होगा.

Read more!

लागू हो जाएगी आचार संहिता

जैसे ही चुनाव आयोग आज तारीखों की घोषणा करेगा, इन सभी राज्यों में तुरंत 'आदर्श चुनाव आचार संहिता' (Model Code of Conduct) लागू हो जाएगी. इसके बाद सरकारों के लिए किसी भी नई योजना की घोषणा करना या मतदाताओं को प्रभावित करने वाले फैसले लेना मुमकिन नहीं होगा.

चरणों की संख्या में हो सकता है बदलाव

सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, इस बार चुनाव आयोग कुछ अलग रणनीति अपना रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि साल 2021 के मुकाबले इस बार मतदान के चरणों की संख्या कम रखी जा सकती है. पिछली बार पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में वोटिंग हुई थी, लेकिन इस बार आयोग कम से कम समय में पूरी प्रक्रिया निपटाने की तैयारी में है.

सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम

चुनाव को शांतिपूर्ण और हिंसा मुक्त बनाने के लिए आयोग इस बार केंद्रीय सुरक्षा बलों (Central Forces) की भारी संख्या में तैनाती करने जा रहा है. खासकर पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना आयोग के लिए बड़ी चुनौती है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम किए जा रहे हैं.

आयोग ने पूरी की अपनी तैयारी

हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विनीत जोशी ने कोलकाता का दौरा किया था. इस 'फुल बेंच' ने वहां सभी राजनीतिक दलों के साथ लंबी चर्चा की और उनकी चिंताओं को समझा. अब जबकि तैयारियों की समीक्षा पूरी हो चुकी है, तो अप्रैल-मई के बीच मतदान होने की प्रबल संभावना है. बता दें कि इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून 2026 में खत्म हो रहा है.

ये भी पढ़ें: Assam Assembly Election 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए AAP ने जारी की पहली लिस्ट

    follow google news