Video: 'सर हजारों की भीड़ है...चोट लग जाएगी ' दिल्ली पुलिस की इस अपील पर राहुल गांधी का जवाब- दम है तो हटाकर दिखाओ

मौसमी सिंह

• 06:48 PM • 07 Oct 2026

जंतर-मंतर मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी से कहा, "सर हजारों की भीड़ है...चोट लग जाएगी." इस पर राहुल गांधी ने तीखा जवाब दिया- "दम है तो हटाकर दिखाओ." पढ़ें पूरी खबर.

Google CTA

नई दिल्ली. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन को लेकर राजधानी दिल्ली के दिल कहे जाने वाले लुटियंस ज़ोन में बुधवार शाम को जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे विपक्ष के नेताओं को रोकने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. इसी दौरान जंतर-मंतर गोलचक्कर के पास दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच तीखी बहस देखने को मिली. 

Read more!

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जब सुरक्षा का हवाला देते हुए राहुल गांधी से कहा, "सर, आगे हजारों की भीड़ है... धक्का-मुक्की में चोट लग जाएगी," तो इस पर राहुल गांधी ने बिना रुके पुलिस को दो टूक जवाब दिया- "दम है तो हटाकर दिखाओ!"

सागर रत्ना में लंच के बाद शुरू हुआ मार्च 

इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आह्वान पर 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के तमाम सांसद दिल्ली के जनपथ स्थित 'सागर रत्ना' रेस्टोरेंट में एक अहम बैठक और लंच के लिए एकत्र हुए थे. रेस्टोरेंट जंतर-मंतर से महज 100 से 150 मीटर की दूरी पर स्थित है. लंच के तुरंत बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की अगुआई में विपक्षी सांसदों ने जंतर-मंतर की तरफ पैदल मार्च शुरू कर दिया.

दिल्ली पुलिस अलर्ट, इलाके में धारा 163 लागू 

संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर रखी थी. कनॉट प्लेस, जनपथ और विंडसर पैलेस की ओर जाने वाले तमाम रास्तों पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था. अकेले जंतर-मंतर गोलचक्कर पर ही 100 से ज्यादा जवानों का कड़ा पहरा था. 

जैसे ही विपक्षी सांसद आगे बढ़े, पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक लिया. इसके बाद राहुल गांधी समेत कई प्रमुख नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर बस में बिठा दिया. 

सड़क पर लेटे राहुल गांधी, पुलिस ने खींचकर बस में भरा, अब धक्कामुक्की का वीडियो हो रहा है वायरल

प्रियंका गांधी सड़क पर बैठीं, सपा ने बनाई दूरी 

राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जंतर-मंतर के पास वाली सड़क पर ही विरोध जताते हुए जमीन पर लेट गईं और पुलिसिया कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया. 

वहीं दूसरी तरफ, इस पूरे प्रदर्शन में विपक्षी एकजुटता के बीच दरार भी नजर आई. सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी (SP) इस विरोध प्रदर्शन से दूर रही. बताया जा रहा है कि सपा को न तो प्रदर्शन का औपचारिक निमंत्रण दिया गया था और न ही रणनीति को लेकर कोई ठीक से संवाद हुआ था. यही वजह रही कि सपा का कोई भी सांसद जनपथ पर आयोजित लंच और मार्च में शामिल नहीं हुआ. 

INDIA Bloc Protest Live: आकाशवाणी भवन के बाहर हंगामा... राहुल-प्रियंका गांधी हिरासत में लिए गए, कई अन्य नेता भी डिटेन