राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बानसूर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां अलवर रोड बाईपास पर कुछ दबंग युवकों ने मामूली विवाद में एक युवक और उसकी गर्भवती भाभी पर जानलेवा हमला कर दिया. इस बर्बर हमले में गर्भवती महिला के पेट में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है. पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
सिर्फ हॉर्न बजाने पर भड़का गुस्सा
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अपनी गर्भवती भाभी का अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर बाइक से घर लौट रहा था. अलवर रोड बाईपास पर रास्ता (साइड) लेने के लिए युवक ने आगे चल रहे बाइक सवारों को हॉर्न दिया. बस इतनी सी बात पर आगे चल रहे युवक आग बबूला हो गए और उन्होंने देवर-भाभी का रास्ता रोक लिया. शुरुआती गाली-गलौज और मारपीट के बाद हमलावरों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया. कुछ ही देर में एक सफेद स्विफ्ट कार और बाइक पर सवार होकर 4-5 हमलावर वहां पहुंचे और दोनों पर टूट पड़े.
बीच-बचाव करने आई गर्भवती महिला को भी नहीं बख्शा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने निहत्थे देवर को बेरहमी से पीटना शुरू किया. जब उसकी गर्भवती भाभी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो बेरहम हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा. मारपीट के दौरान महिला के पेट में गंभीर चोट लगी, जिससे वह सड़क पर ही तड़पने लगी और तड़पते हुए बेहोश हो गई. स्थानीय लोगों की भीड़ को इकट्ठा होते देख हमलावर अपनी कार और बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही बानसूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला का इलाज जारी है. पुलिस ने मौके से आरोपियों की स्विफ्ट कार और बाइक को जब्त कर लिया है. थाना पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है. जब्त वाहनों के नंबरों के आधार पर पुलिस की टीमें आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
यहां देखें वीडियो
दौसा: पति को दूसरी पत्नी के साथ देख भड़की पहली पत्नी, बीच सड़क पर बाल पकड़कर घसीटा...वीडियो वायरल
ADVERTISEMENT


