राजस्थान पंचायत चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सियों पर कब्जे को लेकर सियासी रस्साकशी चरम पर पहुंच गई है. विशेष रूप से मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधा टकराव देखने को मिल रहा है. इस पूरे मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मोर्चा संभालते हुए जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और 18 निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को मीडिया के सामने पेश कर अपनी पार्टी का बोर्ड बनने का दावा किया.
ADVERTISEMENT
60-60 लाख के प्रलोभन और 3 सदस्यों की सेंधमारी का आरोप
डोटासरा ने सत्ता पक्ष पर विधायकों और निर्वाचित प्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त (हॉर्स ट्रेडिंग) के गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि भरतपुर में कांग्रेस के कुल 21 जिला परिषद सदस्य चुनाव जीतकर आए थे. आरोप है कि इनमें से तीन सदस्यों को डरा-धमकाकर और 60-60 लाख रुपये का प्रलोभन देकर अपनी तरफ मिला लिया गया है. डोटासरा ने मीडिया के सामने मौजूद 18 सदस्यों की एकजुटता दिखाते हुए कहा कि इन प्रतिनिधियों का ईमान नहीं खरीदा जा सकता और किसी भी दबाव के बावजूद भरतपुर में कांग्रेस का ही जिला प्रमुख बनेगा. इन आरोपों को लेकर फिलहाल भाजपा की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है.
चौमू का होटल, पुलिस प्रशासन का दबाव और डोटासरा का तीखा हमला
प्रेस वार्ता के दौरान डोटासरा ने राज्य के पुलिस-प्रशासन की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने बताया कि कांग्रेस के 18 सदस्य जयपुर के पास चौमू के एक होटल में ठहरे हुए हैं, लेकिन पिछले चार दिनों से पुलिस प्रशासन और स्थानीय सरकारी एजेंसियां उन पर लगातार दबाव बना रही हैं. डोटासरा का आरोप है कि सीआई (CI) और डीएसपी (DSP) स्तर के अधिकारियों को भेजकर होटल प्रबंधन और प्रतिनिधियों को परेशान किया जा रहा है.
उन्होंने डीजीपी, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि अगर अपनी स्वेच्छा से कहीं रुके हैं तो उन पर पुलिसिया तंत्र का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता के दबाव में बेईमानी और गुंडागर्दी में साथ देने वाले अफसरों को बख्शा नहीं जाएगा.
2028 के चुनाव और ग्रामीण राजनीति पर प्रभाव
भरतपुर के इस घटनाक्रम को राजस्थान में पंचायत चुनावों के बाद दोनों मुख्य दलों की भावी रणनीतियों से जोड़कर देखा जा रहा है. कांग्रेस जहां अपने निर्वाचित पार्षदों और सदस्यों की बाड़ेबंदी मजबूत कर जिला प्रमुख की कुर्सियां बचाने की कोशिश में है, वहीं पार्टी ने इन स्थानीय निकाय चुनावों में 50 साल से कम उम्र के युवाओं को आधे से अधिक टिकट देकर नई लीडरशिप तैयार करने का लक्ष्य रखा था. इसे 2028 के विधानसभा चुनावों से पहले ग्रामीण स्तर पर सांगठनिक मजबूती के तौर पर भी देखा जा रहा है. फिलहाल भरतपुर में जिला प्रमुख के चुनाव तक राजनीतिक सरगर्मी बनी रहने के पूरे आसार हैं.
ADVERTISEMENT


