Bhilwara Thar Car Dowry Allegation Case: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ तहसील से एक चौंकान वाला मामला सामने आया है. यहां एक घर में शहनाइयां बजने वाली थीं लेकिन अब सन्नाटा पसरा हुआ है. इसके पीछे की वजह ने हर किसी को हैरान कर दिया है. मामला दहेज के लालच का बताया जा रहा है. दावा है कि यहां एक दूल्हे शादी से पहले लड़की पक्ष के सामने 'थार गाड़ी' की डिमांड रख दी. जब वधू पक्ष ये उनकी ये मांग पूरी नहीं कर पाया तो दूल्हा बारात लेकर ही नहीं आया.
ADVERTISEMENT
3 साल पहले हुई थी सगाई, ऐन वक्त पर बदला दूल्हा
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी मंगरोप निवासी लोकेंद्र सिंह राठौड़ के साथ तय हुई थी. यह रिश्ता करीब 3 साल पहले जुड़ा था और डेढ़ साल पहले सगाई के सारे दस्तूर पूरे हो चुके थे. शादी की तारीख 20 अप्रैल तय थी और घर में मेहमानों का आना शुरू हो गया था. कार्ड बंट चुके थे, हलवाई खाना बना रहे थे, लेकिन 18 अप्रैल की शाम को दूल्हे पक्ष ने फोन कर शादी से मना कर दिया.
48 घंटे पहले थार गाड़ी की डिमांड
आरोप है कि दूल्हे लोकेंद्र सिंह ने शादी से ठीक 48 घंटे पहले दहेज में 'थार' गाड़ी की मांग कर दी. पीड़ित परिवार के अनुसार दूल्हे ने कहा कि वो तभी बारात लेकर आएगा जब उसकी ये मांग पूरी होगी. लड़की पक्ष की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी. उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार नकद, गहने और अन्य सामान पहले ही दे दिया था, लेकिन थार गाड़ी जैसी बड़ी मांग पूरी करना उनके बस के बाहर था. दुल्हन की मां और पिता दूल्हे के पैरों में गिरकर गिड़गिड़ाए, माफी मांगी और अपनी इज्जत की दुहाई दी, लेकिन दहेज के लोभियों का दिल नहीं पसीजा.
बहाना बनाया- 'लड़की पसंद नहीं'
बताया जा रहा है कि अपनी इस घिनौनी मांग को छिपाने के लिए दूल्हे पक्ष ने बाद लड़के को लड़की पसंद नहीं आने की बात कही. ऐसे में अब पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर लड़के को लड़की पसंद नहीं थी तो 3 साल तक सगाई क्यों रखी गई? बारात के दिन ही यह ख्याल क्यों आया? उन्होंने किा कि यह साफ तौर पर दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी तोड़ने का एक बहाना मात्र है.
समाज में आक्रोश, प्रशासन से न्याय की गुहार
इस घटना के बाद समाज के लोगों में भारी गुस्सा है. मांडलगढ़ में समाज के लोगों ने एकत्रित होकर उपखंड अधिकारी (SDM) को मुख्यमंत्री और भीलवाड़ा एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा है. पीड़ित परिवार और समाज की मांग है कि ऐसे दहेज लोभियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और बेटी का सपना इस तरह न टूटे. फिलहाल, भीलवाड़ा का यह मामला सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में है और लोग दोषी दूल्हे के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: शादी से लौटकर दोस्त की पत्नी की लूटी अस्मत, फिर दिल्ली में किया कत्ल; राहुल मीणा पर अलवर पुलिस का बड़ा खुलासा
ADVERTISEMENT


