IAS Kavita Meena Biography: सरकारी अधिकारियों की पहचान आमतौर पर उनके सख्त फैसलों और कड़े प्रशासनिक रवैये से होती है. लेकिन उत्तर प्रदेश के हापुड़ की जिलाधिकारी IAS कविता मीणा की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने अधिकारी के संवेदनशीलता से भरे मानवीय चेहरे को दुनिया के सामने रखा है. दरअसल, बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के दौरान उनकी नजर एक बीमार बुजुर्ग महिला पर पड़ी. महिला की हालत देखकर DM कविता मीणा खुद उसके पास पहुंचीं और उसकी मदद के लिए आगे आईं. उनके इस मानवीय व्यवहार की अब साेशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है. आखिर कौन हैं कविता मीणा? उनका संबंध किस जगह से है, उन्होंने पढ़ाई कहां से की और UPSC जैसी मुश्किल परीक्षा को उन्होंने कब पास किया? आइए जानते हैं उनकी पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
पहले जानिए क्यों हो रही है IAS कविता मीणा की चर्चा?
घटना 23 अगस्त की है. इस दिन हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीणा गढ़मुक्तेश्वर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं और बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया. बातचीत के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने उन्हें बताया कि उन्हें काफी तेज बुखार है. महिला की तकलीफ सुनते ही डीएम कविता मीणा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा, "मैं अपने बैग में देखती हूं, कोई दवा होगी तो देती हूं." इसके साथ ही उन्होंने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि डॉक्टर को तुरंत बुलाया जाए और महिला के लिए जरूरी दवाइयों की लिस्ट बनाकर व्यवस्था की जाए. कैमरे में कैद हुआ डीएम का यह मानवीय और अपनापन भरा अंदाज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कौन हैं IAS कविता मीणा?
IAS कविता मीणा मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले की रहने वाली हैं. उनका जन्म 16 अगस्त 1991 को एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था. उनके पिता रेलवे में स्टेशन मास्टर थे. बेटी के आईएएस बनने के सपने को पूरा करने के लिए उनके पिता ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली थी और उनकी तैयारी में पूरा सहयोग किया.
पिता के इस समर्पण और त्याग के बल पर कविता मीणा ने साल 2015 में अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा क्रैक की और ऑल इंडिया 50वीं रैंक हासिल की. इसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला और वे प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ती गईं.
निजी जिंदगी और लव स्टोरी
ट्रेनिंग के दौरान मसूरी की लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) में कविता मीणा की मुलाकात 2016 बैच के आईएएस अधिकारी अनुपम मिश्रा से हुई थी. दोनों के बीच की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और बाद में उन्होंने लव मैरिज कर ली. अनुपम मिश्रा केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं.
प्रशासनिक जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाने के साथ-साथ आम जनता के प्रति ऐसी संवेदनशीलता दिखाना यह साबित करता है कि एक सच्चा प्रशासनिक अधिकारी वही है जो जनता के सुख-दुख को समझे. यही वजह है कि हापुड़ की डीएम कविता मीणा का यह वीडियो और उनकी कहानी लोगों का दिल जीत रही है.
ADVERTISEMENT


