जयपुर: गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाला हिस्ट्रीशीटर राहुल गुर्जर गिरफ्तार, पुलिस को चकमा का मास्टरप्लान हुआ फेल

Jaipur crime news: जयपुर के मालवीय नगर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के आरोपी हिस्ट्रीशीटर राहुल गुर्जर ने पुलिस दबाव के चलते मुरैना कोर्ट में सरेंडर किया. CCTV वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी सख्ती, आरोपी को जल्द राजस्थान लाने की तैयारी. जानिए पूरा मामला, पुलिस कार्रवाई और अपडेट.

Jaipur molestation case update
Jaipur molestation case update

नितेश तिवारी

follow google news

राजधानी जयपुर के मालवीय नगर इलाके में एक गर्भवती महिला के साथ सरेराह छेड़छाड़ और अभद्रता करने वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर राहुल गुर्जर का खेल अब खत्म हो गया है. पुलिस के बढ़ते दबाव और एनकाउंटर के डर से आरोपी ने मध्य प्रदेश के मुरैना कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. जयपुर पुलिस अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर राजस्थान लाने की तैयारी कर रही है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह शर्मनाक घटना 25 मार्च को मालवीय नगर के सेक्टर 9 में हुई थी. सड़क से गुजर रही एक गर्भवती महिला के साथ राहुल गुर्जर ने सरेआम बदसलूकी और छेड़छाड़ की. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया था.

पुलिस को छकाया, बीहड़ों में छिपाई पहचान

राहुल गुर्जर कोई साधारण अपराधी नहीं है. उस पर हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. जयपुर से फरार होने के बाद वह अपनी पहचान छिपाने के लिए बारां, धौलपुर और चित्तौड़गढ़ होता हुआ मध्य प्रदेश के भिंड-मुरैना के बीहड़ों में जा छिपा. पुलिस से बचने के लिए उसने अपना हुलिया भी बदल लिया, दाढ़ी-मूंछ कटवाकर वह 'क्लीन शेव' हो गया ताकि उसे कोई पहचान न सके.

कोर्ट में सरेंडर का 'मास्टरप्लान'

जयपुर पुलिस के एनकाउंटर के डर से राहुल ने मुरैना कोर्ट में एक पुराने डकैती के केस में सरेंडर करने की अर्जी लगा दी. उसकी मंशा जयपुर पुलिस की सीधी गिरफ्त से बचकर जेल में खुद को सुरक्षित करने की थी. हालांकि, जयपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि उसे जल्द ही राजस्थान लाया जाएगा और उसके किए गए अपराधों का हिसाब होगा.

सिस्टम पर भी गिरी गाज: लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मी सस्पेंड

इस मामले में पुलिस विभाग की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है. आरोप है कि जवाहर सर्किल थाने के दो पुलिसकर्मियों ने राहुल को पकड़ने के बावजूद छोड़ दिया था, जिससे वह फरार होने में कामयाब रहा. इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है.

सहयोगी भी गिरफ्त में

पुलिस ने राहुल को शरण देने और भागने में मदद करने वाले उसके एक साथी शुभम उर्फ सिद्धार्थ को भी गिरफ्तार कर लिया है. जयपुर पुलिस का कहना है कि महिला की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पुख्ता कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यहां देखें वीडियो

जयपुर में गर्भवती महिला से सरेआम छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने क्यों छोड़ा? सामने आई ये कहानी

    follow google news