Jaipur Faiz Hassan Youngest Councilor: राजस्थान के निकाय चुनावों में Gen-Z (नई पीढ़ी) का दबदबा देखने को मिल रहा है. जयपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 71 (खाओ नागोरियान) से महज 21 साल 3 महीने के फैज हसन ने पार्षद का चुनाव जीतकर सभी को हैरान कर दिया है. कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे फैज हसन ने 170 वोटों से जीत दर्ज की है, जबकि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का प्रत्याशी तीसरे नंबर पर खिसक गया.
ADVERTISEMENT
12वीं के छात्र ने भरा राजनीति का फॉर्म
फैज हसन ने बातचीत में बताया कि वह इस समय 12वीं कक्षा में पढ़ रहे हैं. बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरने से पहले ही उन्होंने समाज सेवा और अपने क्षेत्र के विकास के लिए पार्षद चुनाव का फॉर्म भर दिया. उनके पिता और दादा समाज सेवा में सक्रिय रहे हैं, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा. जनता और युवाओं ने उन पर भरोसा जताते हुए भारी समर्थन दिया.
नशे के खिलाफ जंग और शिक्षा होगी पहली प्राथमिकता
वार्ड 71 के मुद्दों पर बात करते हुए फैज हसन ने बताया कि उनका इलाका काफी समय से नशे की गिरफ्त में जा रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है. उनका मुख्य लक्ष्य युवाओं को सही राह पर लाना, पानी और सीवरेज की समस्या दूर करना और शिक्षा का बेहतर माहौल बनाना है. इसके अलावा अनपढ़ लोगों के लिए सरकारी आईडी कार्ड और कागजी कार्यवाही में मदद करना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है.
'बीजेपी बोर्ड से खींचकर लाएंगे काम'
जयपुर में भले ही भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बन रहा हो, लेकिन फैज हसन ने बेबाक अंदाज में कहा कि "चुनौती जरूर बड़ी है, लेकिन हम बीजेपी बोर्ड से अपने क्षेत्र के काम खींचकर लाएंगे और विकास कार्य करवाएंगे." उन्होंने खाओ नागोरियान इलाके में अवैध रूप से चल रहे पटाखा फैक्ट्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही.
राहुल गांधी को मानते हैं अपना आइडल
फैज हसन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और एमडी चौपदार को अपना रोल मॉडल बताया. उन्होंने कहा कि "राहुल गांधी हमेशा युवाओं को साथ लेकर चलते हैं, उनकी सोच बहुत अच्छी और पॉजिटिव है. उनसे ही प्रेरणा लेकर मैंने राजनीति में कदम रखा." उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि नशे से दूर रहें और अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए पढ़ाई पर ध्यान दें.
यह भी पढ़ें: खुद वोट डाला, परिवार के 10 वोट का दावा, फिर भी मिला 0 वोट; बीजेपी-आरएलपी प्रत्याशियों के साथ हुआ गजब
ADVERTISEMENT


