जालोर: पत्नी की दूसरी शादी की खबर से सनका दामाद, रास्ते में रोककर सास की नाक काटी और लेकर हुआ फरार

Rajasthan shocking crime: राजस्थान के जालौर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक दामाद ने अपनी पत्नी की दूसरी शादी करवाने के शक में सास पर हमला कर फसल काटने वाली कैंची से उनकी नाक काट दी. घटना के बाद आरोपी सास की कटी नाक और गहने लेकर फरार हो गया. जानिए पूरी कहानी.

Jalore crime news
Jalore crime news

नितेश तिवारी

follow google news

राजस्थान के जालौर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक दामाद ने अपनी ही सास पर जानलेवा हमला करते हुए फसल काटने वाली कैंची से उनकी नाक काट दी. आरोपी दामाद को शक था कि उसकी पत्नी को उससे दूर करने और उसकी दूसरी शादी करवाने के पीछे उसकी सास का ही हाथ है. वारदात के बाद आरोपी सास की कटी हुई नाक और उनके गहने लेकर मौके से फरार हो गया.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह हैरान कर देने वाली घटना जालौर के सरवाना थाना इलाके की है. जानकारी के मुताबिक, आरवा निवासी सोहन लाल बिश्नोई की शादी करीब 4 साल पहले बंधा कुआं की रहने वाली सरिता से हुई थी. बताया जा रहा है कि सोहन लाल अपनी पत्नी से बेहद प्यार करता था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही घर में छोटे-मोटे झगड़े शुरू हो गए.

विवाद इतना बढ़ा कि सरिता अपने मायके चली गई. हालांकि, मायके जाने के बाद भी सोहन लाल और सरिता फोन पर बात करते थे और चोरी-छिपे जोधपुर में मिला भी करते थे, जहां सरिता अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी कर रही थी.

गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने जा रहे थे परिजन

मामले में मोड़ तब आया जब पिछले कुछ दिनों से सरिता का फोन बंद आने लगा. सरिता की मां केली देवी और पिता बाबूलाल अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सरवाना थाने जा रहे थे. उन्होंने दामाद सोहन लाल को भी फोन कर थाने बुलाया था.

रास्ते में रोककर किया हमला

जब सास-ससुर थाने की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में सोहन लाल अपने कुछ साथियों के साथ मिला. उसने उनके वाहन को रुकवाया और विवाद शुरू कर दिया. गुस्से में पागल सोहन लाल ने अपनी सास केली देवी पर हमला कर दिया और फसल काटने वाली कैंची से उनकी नाक काट दी. आरोपी का मानना था कि उसकी सास ने ही सरिता को कहीं और भेज दिया है और वे उसकी दूसरी शादी कराने की फिराक में हैं.

नाक और गहने लेकर हुआ फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद सोहन लाल अपनी सास की कटी हुई नाक और उनके पहने हुए गहने लूटकर भाग निकला. घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गुजरात के मेहसाणा रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

पुलिस की कार्रवाई

सरवाना पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सोहन लाल बिश्नोई समेत चार लोगों (गणपत, श्रीराम और शिवन राम) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. फिलहाल मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: 'पता नहीं क्या हो रहा मुझको'...जयपुर के मंदिर में भजन गाने की कोशिश की और फफककर रो पड़ीं मैथिली ठाकुर, Video वायरल

    follow google news