राजस्थान में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी नागौर के मेड़ता सिटी में देखने को मिली. बीती रात करीब 12:30 बजे, जब शहर सो रहा था, तब दो बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप में घुसकर खून की होली खेली. इस हमले में 40 वर्षीय सर्राफा व्यापारी पंकज सोनी की मौत हो गई, जबकि दो कारीगर गंभीर रूप से घायल हैं. आइए विस्तार से जानते है वारदात की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरी घटना?
पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, मेड़ता सिटी के जयतारण चौकी क्षेत्र के रहने वाले पंकज सोनी ब्रह्मपुरी स्थित अपनी दुकान पर दो कारीगरों के साथ काम कर रहे थे. इसी दौरान दो हथियारबंद बदमाश दुकान में दाखिल हुए और अचानक धारदार हथियारों (चाकुओं) से हमला शुरू कर दिया. हमले में पंकज सोनी को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. उनके साथ काम करने वाले दो कारीगर, जो पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं, बुरी तरह घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अजमेर रेफर किया गया है.
CCTV फुटेज ने उड़ाए पुलिस के होश
वारदात का एक सनसनीखेज सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं. फुटेज में घायल कारीगर दर्द से कराहते हुए जमीन पर पड़े नजर आ रहे हैं. पुलिस का कहना है कि इसी फुटेज और सबूतों के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं.
हनुमान बेनीवाल का कड़ा रुख
मृतक पंकज सोनी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के नेता आशीष सोनी के भाई थे. घटना की जानकारी मिलते ही आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने गहरा रोष व्यक्त किया. बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में बदमाश बेखौफ हैं और पुलिस मौन बैठी है. उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक पैकेज देने की मांग की है.
स्वर्णकार समाज और व्यापारियों में आक्रोश
इस हत्या के बाद पूरे मेड़ता सिटी के व्यापारियों में भारी डर और गुस्सा है. स्वर्णकार समाज ने प्रशासन को खुली चेतावनी दी है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शहर के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे. व्यापारियों का कहना है कि वे अब अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और सरकार से कड़ी कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं. एक टीम को पश्चिम बंगाल भी भेजा गया है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे. राजस्थान की कानून व्यवस्था पर उठते इन सवालों के बीच अब देखना यह होगा कि प्रशासन कितनी जल्दी इन बदमाशों को गिरफ्तार कर पाता है.
यहां देखें वीडियो
इनपुट- केशाराम
ADVERTISEMENT

