pachpadra refinery fire: पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन से एक दिन पहले लगी आग, अफरा-तफरी के बीच PM मोदी का दौरा स्थगित?

राजस्थान के बाड़मेर स्थित पचपदरा रिफाइनरी की CDU यूनिट में सोमवार को भीषण आग लग गई. इस हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई. जानें क्या है पूरा मामला और प्रशासन की कार्रवाई.

NewsTak
पचपदरा रिफाइनरी के एक यूनिट में लगी आग के बाद उठता धुआं.

दिनेश बोहरा

follow google news

राजस्थान के बाड़मेर जिले के पचपदरा रिफाइनरी के सीडीयू यूनिट में सोमवार दोपहर में अचानक आग लगी गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा. आग लगने से पहले तक यहां उद्घाटन समारोह की जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को यहां रिफाइनरी में यूनिट का उद्घाटन करने वाले थे. इसी सिलसिले में आज शाम 4 बजे मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का बाड़मेर दौरा था. यहां वे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने वाले थे. इससे पहले ही ये हादसा हो गया. 

Read more!

आग कैसे लगी इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है. आग लगने के बाद राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, बालोतरा के प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एहतियात के तौर पर प्रशासन ने सीडीयू यूनिट के आसपास के इलाके के पूरी तरह से खाली करवा दिया गया है. 

क्या है पूरा मामला?  

राजस्थान के बाड़मेर जिले के करीब बालोतरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड में सोमवार को दोपहर 2 बजे के करीब भीषण आग लग गई. आग लगने से जैसे ही धुआं उठा तो कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी अलार्म बजा दिया. इसके बाद दमकल की गाड़ियां पहुंची और आग पर करीब 3 घंटे में काबू पाया जा सका. बताया जा रहा है कि आग कच्चे तेल को साफ करने वाली दो यूनिट में लगी थी. आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई थी. इलाके को खाली करा लिया गया था. 

पीएम मोदी का दौरा रद्द हो गया? 

जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़मेर दौरा फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है. रिफाइनरी के जिस यूनिट का उद्घाटन होना था वो कब होगा इसके अगले तारीख की घोषणा की जाएगी. ध्यान देने वाली बात है कि इस कार्यक्रम के लिए जोर-शोर से तैयारियां थीं. 

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जताया दुख 

इधर हादसे पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया X पर कहा-  'पचपदरा, बालोतरा स्थित रिफाइनरी में आग लगने की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख और चिंता हुई. यह रिफाइनरी समस्त राजस्थानवासियों के लिए गौरव का विषय है; एक ऐसा प्रोजेक्ट जिसका उद्घाटन कल निर्धारित है. ऐसे समय में इस तरह की घटना का घटित होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं इस घटना से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं.' 

कार्यक्रम के लिए लगा है अब तक का सबसे बड़ा डोम

कार्यक्रम की तैयारियां इस कदर हैं  कि अब तक का सबसे बड़ा डोम वहां बनाया गया है. इसमें 2 लाख लोगों के बैठने की क्षमता है. मारवाड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के लिए इतना बड़ा डोम अब तक कहीं नहीं लगा है. चाहे वो जोधपुर हो या बाड़मेर या बालोतरा के पचपदरा. इस इलाके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक आधा दर्जन से अधिक बार सभाएं कर चुके है, लेकिन इस बार की सभा के लिए लगभग दोगुना बड़ा डोम लगाया गया है.

आगजनी से पहले बीजेपी के नेताओं का दावा था कि देश के प्रधानमंत्री हाई टेक्नोलॉजी की इस रिफाइनरी का लोकार्पण करने आ रहे है. इसको लेकर लोगों में उत्साह है और 2 लाख से अधिक लोग इस सभा में शरीक होंगें. हालांकि आखातीज और शादी के सीजन में बीजेपी के लिए भीड़ जुटाना चुनौतीपूर्ण था. 

पचपदारा रिफाइनरी में लगी भयंकर आग, 21 अप्रैल को पीएम मोदी करने वाले हैं इसका उद्घाटन, जानिए ताजा हाल

 


 

    follow google news