लाइव

Rajasthan Nagar Parishad Sabhapati Election Live: राजस्थान की 47 नगर परिषदों में कौन-कौन बना सभापति, जानिए किसी पार्टी को मिली कितनी सीटें?

न्यूज तक डेस्क

21 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 21 2026 4:17 PM)

Rajasthan Nagar Parishad Sabhapati Election Live: राजस्थान में 21 सितंबर 2026 को 47 नगर परिषदों के सभापति पद के लिए सुबह 10 बजे से 2 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चली. अब कई सीटों के परिणाम भी सामने आए है और कई नगर परिषदों में वोटों की गिनती जारी है. जानिए पल-पल के अपडेट.

Google CTA
Rajasthan Sabhapati Election 2026 LIVE Updates
Rajasthan Sabhapati Election 2026 LIVE Updates

राजस्थान में शहरी निकाय चुनावों का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है. राज्य की 47 नगर परिषदों में आज सभापति पद के लिए वोटों की जारी है और कई सीटों के परिणाम भी सामने आए है. इस चुनाव के नतीजों से यह साफ हो जाएगा कि स्थानीय शहरी निकायों की कमान किस दल के हाथ में जाएगी. पिछले कुछ दिनों से चल रही हाई-प्रोफाइल बाड़ेबंदी, बैठकों और क्रॉस वोटिंग के डर के बाद आखिरकार आज फैसले का दिन आ गया है. 

Read more!

कई नगर परिषदों में स्पष्ट बहुमत न होने के कारण निर्दलीय पार्षदों की भूमिका बेहद अहम हो गई है. राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए आखिरी वक्त तक रणनीतिक जोड़-तोड़ में जुटे हुए हैं. सुरक्षा के लिहाज से सभी मतदान केंद्रों के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.  

चूंकि आज कुल 47 नगर परिषदों में वोट डाले जाएंगे, इसलिए कई प्रमुख जिलों और शहरों के परिणामों पर प्रदेशभर के राजनेताओं की पैनी नजर बनी हुई है. मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद दोपहर तक परिणामों की घोषणा और प्रमाण पत्र वितरण का कार्य शुरू हो जाएगा. 

दो फेज में हुए थे चुनाव

राजस्थान नगर परिषद चुनावों के पहले फेज में चौमूं, शाहपुरा, बाड़मेर, जैसलमेर, तिजारा, खैरथल, भिवाड़ी, करौली, कुचामनसिटी, डीडवाना, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, झालावाड़, बूंदी, बारां, जालोर, झुंझुनूं, फतेहपुर (सीकर), सवाई माधोपुर, धौलपुर, सुजानगढ़, चूरू, कोटपूतली, ब्यावर और नागौर समेत कुल 27 नगर परिषदों में वोटिंग हुई थी, जबकि दूसरे फेज में किशनगढ़, पुष्कर, टोंक, बहरोड़, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सरदारशहर, गंगापुर सिटी, सीकर, सिरोही, निंबाहेड़ा, राजसमंद, मकराना, हिंडौन सिटी, दौसा, लालसोट, डीग, बालोतरा, फलोदी और सलूंबर की शेष 20 नगर परिषदों के लिए मतदान संपन्न हुआ था. 

किसकी बनेगी सरकार और कौन मारेगा बाजी? हर एक नगर परिषद के पल-पल के अपडेट, विजेता प्रत्याशियों के नाम और सियासी गलियारों की हर हलचल से जुड़ी सबसे तेज और सटीक कवरेज के लिए हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग पर बने रहें...

मेयर चुनाव के पल-पल के अपडेट यहां देखें...

अध्यक्ष चुनाव के पल-पल के अपडेट यहां देखें

लाइव-ब्लॉग समाप्त हुया।

  • 04:17 PM • 21 Sep 2026

    Rajasthan Nikay Chunav Sabhapati Result Live: 47 में से 34 नगर परिषदों का आया परिणाम

    Sabhapati Election Live Updates: राजस्थान नगर परिषद की 47 सीटों में से 34 सीटों पर सभापति का परिणाम सामने आया है. इनमें से 20 सीटों पर बीजेपी के सभापति बने हैं. वहीं 12 सीटों पर कांग्रेस और अन्य के खाते में 2 सीट गई हैं. फिलहाल 13 सीटों के रिजल्ट आने बाकी है.

  • 03:02 PM • 21 Sep 2026

    खैरथल-तिजारा नगर परिषद चुनाव: मतदान का समय बढ़ाकर रात 8 बजे तक किया गया

    खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा नगर परिषद में अध्यक्ष (सभापति) पद के निर्वाचन को लेकर चल रही मतदान प्रक्रिया के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जहां निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदान का समय बढ़ाकर रात 8 बजे तक कर दिया है.

    तिजारा नगर परिषद कार्यालय के सभागार में सोमवार सुबह 10 बजे नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों की बैठक शुरू हुई थी. नगर परिषद में कुल 35 वार्ड पार्षद हैं, लेकिन दोपहर 1:40 बजे तक इनमें से केवल 16 पार्षदों ने ही निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लिया था. शेष पार्षदों ने फोन के माध्यम से निर्वाचन अधिकारी को आकस्मिक कारणों से बैठक में पहुंचने में देरी होने की जानकारी दी और मतदान के लिए अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया, जिसके बाद प्रशासन ने यह फैसला लिया.

  • 02:58 PM • 21 Sep 2026

    Sabhapati Election Live Updates: किस पार्टी ने कितने सीटों पर फहराया परचम?

    Rajasthan Nikay Chunav Sabhapati Result Live: राजस्थान नगर परिषद में सभापति के लिए वोटिंग के बाद अब कई सीटों पर परिणाम भी सामने आ गए है. ताजा जानकारी के मुताबिक, बीजेपी ने सबसे ज्यादा 19 सीटें जीती है. वहीं कांग्रेस के खाते में 10 सीट और अन्य के खाते में 2 सीटें गई है. फिलहाल 16 सीटों के परिणाम सामने नहीं आए है.

  • 02:49 PM • 21 Sep 2026

    श्रीगंगानगर (श्रीविजयनगर) हाई-प्रोफाइल मामला: पार्षद को गन पॉइंट पर ले जाने के मामले में हाईकोर्ट सख्त

    श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर में पार्षद विजय तन्ना को कथित तौर पर गन पॉइंट पर ले जाने और गायब करने के गंभीर मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने बेहद सख्त रुख अपनाया है. जोधपुर हाईकोर्ट में जस्टिस की बेंच ने पार्षद के परिजनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए कड़ा संज्ञान लिया और श्रीगंगानगर एसपी को महज 10 मिनट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया, जिसके बाद जिला पुलिस महकमे में भारी हड़कंप मच गया है.

  • 02:32 PM • 21 Sep 2026

    सवाई माधोपुर नगर परिषद चुनाव: भाजपा की मेवा चौधरी ने दर्ज की बड़ी जीत

    सवाई माधोपुर नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना बोर्ड बना लिया है. भाजपा उम्मीदवार मेवा चौधरी सवाई माधोपुर की नई सभापति निर्वाचित हुई हैं.

    इस मुकाबले के मुख्य आंकड़े और राजनीतिक घटनाक्रम इस प्रकार हैं:

    • विजेता: मेवा चौधरी (भाजपा) - 43 वोट
    • प्रतिद्वंद्वी: शैलेंद्र चौधरी (कांग्रेस) - 15 वोट
    • तटस्थ: 2 पार्षदों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया.
  • 02:22 PM • 21 Sep 2026

    बारां नगर परिषद: AAP पार्टी की शीतल राठौर ने दर्ज की शानदार जीत

    बारां नगर परिषद सभापति पद के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं, जहां आम आदमी पार्टी (AAP) की उम्मीदवार शीतल राठौर ने शानदार जीत हासिल करते हुए सभापति पद पर कब्जा जमा लिया है. बता दें कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से वोटिंग से दूर रही.

    इस मुकाबले के मुख्य आंकड़े इस प्रकार हैं:

    विजेता: शीतल राठौर (आप पार्टी) - 31 वोट (11 मतों से विजयी घोषित)

    प्रतिद्वंद्वी: मीनाक्षी भारद्वाज (कांग्रेस) - 20 वोट

  • 02:09 PM • 21 Sep 2026

    ब्यावर नगर परिषद चुनाव: भाजपा की पुष्पा बल्दुआ ने दर्ज की जीत

    ब्यावर नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बाजी मारते हुए बड़ा उलटफेर किया है. भाजपा उम्मीदवार पुष्पा बल्दुआ ने कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश गहलोत को 10 मतों के अंतर से शिकस्त दी है. इस मुकाबले में पुष्पा बल्दुआ को कुल 35 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के कैलाश गहलोत को 25 वोट प्राप्त हुए.

    गौरतलब है कि इस चुनाव में असली समीकरण निर्दलीयों के हाथ में थे, क्योंकि निकाय चुनाव के दौरान यहां भाजपा के 23, कांग्रेस के 20, आरएलपी (RLP) के 4 और 13 निर्दलीय पार्षद जीतकर आए थे. अंततः निर्दलीयों और अन्य दलों के समर्थन से भाजपा ने यहां अपना बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की है.

  • 01:59 PM • 21 Sep 2026

    हनुमानगढ़ नगर परिषद: निर्दलीय उम्मीदवार मंजू रणवां ने दर्ज की प्रचंड जीत

    हनुमानगढ़ नगर परिषद सभापति पद के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं, जहां निर्दलीय खेमे ने अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए शानदार जीत दर्ज की है. स्थानीय विधायक गणेशराज बंसल समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार मंजू रणवां हनुमानगढ़ की नई सभापति निर्वाचित हुई हैं. इस एकतरफा मुकाबले में निर्दलीय और समर्थक पार्षदों को कुल 35 वोट प्राप्त हुए, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 16 वोट और कांग्रेस पार्टी को मात्र 9 वोट ही मिल सके. इस प्रकार भारी बहुमत के साथ मंजू रणवां ने सभापति पद पर कब्जा जमा लिया है.

  • 01:46 PM • 21 Sep 2026

    Rajasthan Nikay Chunav Sabhapati Result Live: इन 4 सीटों पर कांग्रेस ने गाड़ दिया झंडा

    Sabhapati Election Live Updates: झालावाड़ नगर परिषद के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बोर्ड पर कब्जा जमा लिया है. कांग्रेस प्रत्याशी राजेश गुर्जर नगर परिषद के नए सभापति चुने गए हैं. यहां कुल 45 सीटें थीं, जिनमें से 30 सीटों पर कांग्रेस और 15 सीटों पर बीजेपी विजयी रही थी.

    साथ ही झुंझुनूं नगर परिषद सभापति पद के परिणाम भी घोषित हो चुके हैं, जहां कांग्रेस ने बाजी मारते हुए जीत दर्ज की है. कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल्ला अगवान को 35 वोट मिले, जबकि भाजपा को 25 वोट ही प्राप्त हुए.

    सलूंबर में भी एक दिलचस्प राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है, जहां कम सीटें होने के बावजूद कांग्रेस ने अपना बोर्ड बना लिया है. यहां कुल 25 सीटों में से भाजपा के पास 12, कांग्रेस के पास 11, बीएपी (BAP) के पास 2 और निर्दलीय के पास 1 सीट थी. हालांकि, अंतिम मतदान के दौरान कांग्रेस को 13 वोट और भाजपा को 12 वोट मिले, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस के नरेंद्र जैन नगर परिषद के नए सभापति निर्वाचित हुए.

    इसके अलावा दौसा से भी एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भाजपा को तगड़ा झटका देते हुए कांग्रेस ने दौसा नगर परिषद में एक बार फिर अपना बोर्ड बना लिया है और अपनी मजबूत पकड़ साबित की है.

  • 01:40 PM • 21 Sep 2026

    सभापति चुनाव: सीकर(फतेहपुर) और जैसलमेर में दोनों जगहों पर भाजपा ने दर्ज की शानदार जीत

    फतेहपुर नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बाजी मारते हुए अपना बोर्ड बना लिया है, जहां भाजपा की अंजू भिंडा नई नगर परिषद सभापति निर्वाचित हुई हैं. इस मुकाबले में अंजू भिंडा को कुल 30 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार निकिता रणवा को 25 मतों से संतोष करना पड़ा.

    वहीं जैसलमेर नगर परिषद सभापति पद के चुनाव परिणाम में भी भाजपा ने परचम लहरा दिया है. यहां भाजपा उम्मीदवार विजय डांगरा ने जीत हासिल की है, जिन्हें कुल 27 वोट प्राप्त हुए. वहीं, कांग्रेस पार्टी के खाते में 18 वोट आए, जिससे जैसलमेर में भाजपा का सभापति चुना गया है.

  • 01:32 PM • 21 Sep 2026

    टोंक नगर परिषद चुनाव: सचिन पायलट के गढ़ में कांग्रेस की जीत, 25 वर्षीय युवा मयंक गोयल बने सभापति

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट के गढ़ टोंक नगर परिषद के सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है. यहां 25 वर्षीय युवा और MBA की शिक्षा प्राप्त मयंक गोयल को नया सभापति विजय घोषित किया गया है. इस मुकाबले में मयंक गोयल को कुल 38 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी प्रह्लाद सिंह को 21 वोट ही प्राप्त हुए. इस प्रकार 17 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर टोंक में लगातार दूसरी बार कांग्रेस का बोर्ड बना है. इस जीत के पीछे पार्टी के दो युवा नेताओं की सटीक चुनावी रणनीति बेहद कारगर साबित हुई है.

  • 01:28 PM • 21 Sep 2026

    गंगापुर सिटी नगर परिषद: कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल बने सभापति, 14 मतों से दर्ज की बड़ी जीत

    गंगापुर सिटी नगर परिषद सभापति पद के चुनाव परिणाम सामने आ चुके हैं, जहां कांग्रेस पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है. कांग्रेस उम्मीदवार कृष्ण कुमार गोयल ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार गुप्ता को करारी शिकस्त दी है.

    इस मुकाबले में कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल को कुल 37 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा के विजय कुमार गुप्ता को 23 वोट ही मिल सके. इस प्रकार कृष्ण कुमार गोयल ने 14 मतों के अंतर से यह चुनाव जीतकर गंगापुर सिटी नगर परिषद में कांग्रेस का परचम लहरा दिया है.

  • 01:21 PM • 21 Sep 2026

    करौली नगर परिषद: कांग्रेस के सुनील सैनी बने सभापति, भाजपा प्रत्याशी को दी शिकस्त

    करौली नगर परिषद सभापति पद के चुनाव परिणाम जारी हो गए हैं, जहां कांग्रेस प्रत्याशी सुनील सैनी ने शानदार जीत दर्ज कर सभापति पद पर कब्जा जमा लिया है. इस कड़े मुकाबले में कांग्रेस के सुनील सैनी को 30 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र शर्मा को 25 वोट प्राप्त हुए. परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है, और कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर तथा पटाखे फोड़कर अपनी जीत का जश्न मना रहे हैं.

  • 01:12 PM • 21 Sep 2026

    जालोर नगर परिषद: कांग्रेस के बंशीलाल बने नए सभापति

    जालोर नगर परिषद सभापति पद के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं, जहां कांग्रेस पार्टी ने बाजी मारते हुए अपना बोर्ड बना लिया है. सभापति पद के लिए हुए मतदान में कांग्रेस उम्मीदवार बंशीलाल के पक्ष में कुल 23 मत पड़े, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के पक्ष में 17 मत आए. इस तरह स्पष्ट बहुमत के साथ कांग्रेस के बंशीलाल जालोर के नए सभापति निर्वाचित हो गए हैं.

  • 01:07 PM • 21 Sep 2026

    नागौर नगर परिषद: भाजपा की संतोष टाक ने ऐतिहासिक मतों से दर्ज की प्रचंड जीत

    नागौर नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास रच दिया है, जहां भाजपा उम्मीदवार संतोष टाक ने प्रचंड बहुमत के साथ सभापति पद पर शानदार जीत हासिल की है. इस एकतरफा मुकाबले में संतोष टाक को कुल 55 ऐतिहासिक वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार दीपक सैनी को मात्र 5 वोटों से ही संतोष करना पड़ा. इस बड़ी और ऐतिहासिक जीत के बाद नगर परिषद कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है.

  • 12:58 PM • 21 Sep 2026

    प्रतापगढ़ नगर परिषद चुनाव: कांग्रेस की ज्योति सोनी ने दर्ज की शानदार जीत

    प्रतापगढ़ नगर परिषद सभापति पद के लिए मतगणना की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसमें कांग्रेस उम्मीदवार ज्योति सोनी ने बाजी मारते हुए सभापति पद पर शानदार जीत हासिल की है. इस कड़े मुकाबले में ज्योति सोनी को 21 पार्षदों का समर्थन मिला, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की मनीषा जैन को 18 वोट प्राप्त हुए, वहीं इस चुनाव में एक वोट खारिज भी हुआ. कुल 21 वोट हासिल कर प्रतापगढ़ नगर परिषद की नई सभापति बनीं ज्योति सोनी ने अपनी जीत के बाद शहर की जनता का आभार जताया. उनकी इस जीत के साथ ही प्रतापगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड पूरी तरह से स्थापित हो गया है, जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा शहर के गांधी चौराहे पर जोरदार जश्न मनाया जा रहा है.

  • 12:50 PM • 21 Sep 2026

    राजसमंद नगर परिषद चुनाव: भाजपा की अनीता पालीवाल बनीं अध्यक्ष

    राजसमंद नगर परिषद चुनाव के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है, जहां भाजपा उम्मीदवार अनीता पालीवाल राजसमंद नगर परिषद की नई अध्यक्ष (सभापति) निर्वाचित हुई हैं. इस मुकाबले में भाजपा की अनीता पालीवाल को कुल 30 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मोहन कुमावत को मात्र 15 मतों से ही संतोष करना पड़ा.

  • 12:44 PM • 21 Sep 2026

    चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव: वोट कास्टिंग में अनियमितता का आरोप, जेन-जी कांग्रेस पार्षद दिया तिवारी ने प्रक्रिया पर उठाए सवाल

    चित्तौड़गढ़ नगर परिषद सभापति चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया को लेकर एक दिलचस्प और विवादित मामला सामने आया है, जहां वार्ड नंबर 49 से युवा जेन-जी कांग्रेस पार्षद दिया तिवारी ने वोट कास्टिंग में अनियमितता का गंभीर आरोप लगाया है. पार्षद दिया ने बताया कि मतदान के दौरान बैलेट पेपर पर प्रॉपर ठप्पा (मुहर) नहीं लगा था, जिसके कारण उन्हें एक बार में स्पष्ट मुहर न लगने पर दोबारा (डबल) ठप्पा लगाना पड़ा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इस तकनीकी खामी के चलते उनका वोट खारिज होता है, तो इसमें उनकी कोई गलती नहीं होगी क्योंकि उन्होंने अपना सौ प्रतिशत सही प्रयास किया है. वहीं, मतदान केंद्र से बाहर आते ही दिया तिवारी का एक अलग ही और विनम्र अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने चुनावी ड्यूटी पर तैनात मतदान कर्मियों और पुलिसकर्मियों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है.

  • 12:39 PM • 21 Sep 2026

    बांसवाड़ा नगर परिषद सभापति चुनाव: भाजपा के मुकेश रावत ने दर्ज की बड़ी जीत, 37 वोटों के साथ हासिल की सफलता

    Rajasthan Nikay Chunav Live: बांसवाड़ा नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है, जहां भाजपा उम्मीदवार मुकेश रावत को 37 मत मिले, जबकि कांग्रेस पार्टी को केवल 23 मतों से संतोष करना पड़ा. इस बड़ी जीत के बाद भाजपा खेमे में भारी उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है.

  • 12:26 PM • 21 Sep 2026

    Rajasthan Nikay Chunav Sabhapati Result Live: सिरोही ने कांग्रेस ने सभापति सीट पर मार ली बाजी

    राजस्थान नगर परिषद सभापति चुनाव लाइव अपडेट: राजस्थान नगर परिषद चुनाव में सभापति के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है, इसी बीच कुछ सीटों से नतीजे भी सामने आने लगे है. इसी बीच सिरोही से कांग्रेस के लिए बड़ी खबर आई है. यहां कांग्रेस का सभापति बना है.