Rajasthan Nikay Election Results: राजस्थान में हाल ही में 309 शहरी निकायों के 10,000 से ज्यादा वार्डों के नतीजे घोषित हुए हैं. इन चुनावों में जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसे आंकड़े सामने आए हैं जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. प्रदेश के बालोतरा जिले और गंगापुर सिटी में प्रत्याशियों को 'शून्य' यानी 0 वोट मिले हैं, जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया और ईवीएम (EVM) पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
खुद का वोट भी गायब! सिंडरी के आरएलपी प्रत्याशी का बड़ा दावा
मामला बालोतरा जिले की सिंडरी नगर पालिका के वार्ड नंबर तीन का है. यहां हनुमान बेनीवाल की पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रत्याशी ओम प्रकाश चुनाव मैदान में थे. मतगणना के बाद जब आधिकारिक आंकड़े जारी हुए तो ओम प्रकाश के नाम के आगे 0 वोट लिखा हुआ था. ओम प्रकाश ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उनके परिवार के ही कम से कम 10 वोट थे और उन्होंने खुद भी पोलिंग बूथ पर जाकर अपना वोट डाला था. ऐसे में खुद का वोट कहां गया, इसे लेकर वे हैरान हैं.
आरएलपी प्रत्याशी ओम प्रकाश ने आरोप लगाया है कि मतगणना के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है. उनका दावा है कि ईवीएम सील किए जाने के समय कांग्रेस को छोड़कर अन्य सभी दलों के पोलिंग एजेंटों को बाहर निकाल दिया गया था. उन्होंने इसे सीधी 'वोट चोरी' करार देते हुए निर्वाचन आयोग से शिकायत दर्ज कराने की बात कही है. हालांकि, चुनाव अधिकारियों द्वारा इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है.
सिंडरी वार्ड नंबर 3 का नतीजा
सिंडरी नगर पालिका के वार्ड नंबर 3 में कांग्रेस प्रत्याशी भंवर राम को 133 वोट मिले और वे विजयी घोषित हुए. दूसरे स्थान पर रहे बीजेपी के खेमाराम को 93 वोट मिले, जबकि आरएलपी के ओम प्रकाश शून्य पर ही सिमट गए.
गंगापुर सिटी और डीडवाना में भी अजीबोगरीब नतीजे
जीरो वोट का यह अकेला मामला नहीं है. गंगापुर सिटी के वजीरपुर में भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक प्रत्याशी के खाते में 0 वोट दर्ज हुए हैं, जिससे यह चर्चा जोरों पर है कि क्या प्रत्याशी ने खुद को भी वोट नहीं दिया? वहीं डीडवाना के वार्ड नंबर 19 में बीजेपी के प्रत्याशी को मात्र 2 वोट मिले हैं.
निकाय चुनाव में दलों का कुल प्रदर्शन
अगर पूरे प्रदेश के निकाय चुनाव के ओवरऑल आंकड़ों पर नजर डालें तो 309 निकायों के कुल 10,244 वार्डों में मतगणना हुई:
- बीजेपी: 4,179 वार्डों में जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी बनी.
- कांग्रेस : 3,613 वार्डों में जीत हासिल की.
- निर्दलीय: 2,273 वार्डों में बाजी मारकर कई निकायों में किंगमेकर की भूमिका में आ गए हैं.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस परिणाम को ऐतिहासिक जीत करार देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर बताया है. हालांकि, 0 वोट मिलने के इन अजूबे मामलों ने राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस को जन्म दे दिया है.
यह भी पढ़ें: भीलवाड़ा नगर निगम में बीजेपी की बंपर जीत, 10 में से 6 नगर पालिकाओं में त्रिशंकु नतीजे
ADVERTISEMENT


