2018 से 2026 तक का पूरा चुनावी हिसाब! राजस्थान में कैसे बदलता है वोटों का गणित? जानें 2028 के बड़े संकेत

22 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 22 2026 12:37 PM)

राजस्थान के निकाय और पंचायत चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस का प्रदर्शन अलग-अलग रहा. निकाय चुनाव में बीजेपी ने बढ़त बनाई, जबकि पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समिति में ज्यादा सीटें और वोट हासिल किए. इन नतीजों ने 2028 विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा बढ़ा दी है.

Rajasthan Panchayat Election 2026
Rajasthan Panchayat Election 2026
Google CTA

राजस्थान की राजनीति में एक दिलचस्प पैटर्न दिखाई दे रहा है. यहां हर चुनाव में जनता का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. कभी कांग्रेस को बढ़त मिलती है तो कभी बीजेपी को. विधानसभा चुनाव में सत्ता बदलती है, निकाय चुनाव में तस्वीर दूसरी हो जाती है और अब पंचायत चुनाव के नतीजों ने फिर सियासी गणित बदल दिया है.

Read more!

इस बार के पंचायत चुनाव में कांग्रेस को बीजेपी के मुकाबले करीब 14 लाख ज्यादा वोट मिले हैं. जिला परिषद से लेकर पंचायत समिति तक कांग्रेस के उम्मीदवारों की जीत का आंकड़ा बीजेपी से काफी आगे है. दूसरी तरफ, महज एक महीने पहले हुए निकाय चुनाव में बीजेपी ने 309 में से 203 निकायों पर जीत दर्ज की थी. तब दोनों पार्टियों के वोटों का अंतर एक लाख के आसपास था.

यानी राजस्थान में एक चुनाव का नतीजा अगले चुनाव की तस्वीर तय नहीं कर रहा. जनता का वोट अलग-अलग चुनावों में अलग-अलग दिशा में जा रहा है. यही वजह है कि पंचायत चुनाव के नतीजों को केवल गांवों की राजनीति तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता. इनके भीतर 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले के कई राजनीतिक संकेत छिपे हैं.

2018 और 2023 के विधानसभा चुनाव में भी वोटों ने बदली थी सत्ता

इस पूरे सियासी गणित को समझने के लिए थोड़ा पीछे चलते हैं. राजस्थान में 2018 का विधानसभा चुनाव हुआ तो बीजेपी की वसुंधरा राजे सरकार सत्ता से बाहर हो गई. कांग्रेस ने सरकार बनाई और अशोक गहलोत मुख्यमंत्री बने. दोनों पार्टियों के बीच वोटों का अंतर बहुत बड़ा नहीं था. कांग्रेस को बीजेपी से 1,77,699 वोट ज्यादा मिले थे.

इसके पांच साल बाद यानी 2023 में फिर विधानसभा चुनाव हुए. इस बार तस्वीर उलट गई. बीजेपी को कांग्रेस के मुकाबले 8,45,557 वोट ज्यादा मिले. नतीजा यह हुआ कि गहलोत सरकार की विदाई हो गई और प्रदेश में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनी.

इन दोनों चुनावों से एक बात साफ होती है कि राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के साथ वोटों का अंतर भी अहम रहा है. हालांकि विधानसभा चुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों की परिस्थितियां अलग होती हैं. इसलिए इन आंकड़ों को सीधे एक-दूसरे से जोड़कर देखना ठीक नहीं होगा.

निकाय चुनाव में बीजेपी को मिली थी मामूली वोटों की बढ़त

अब आते हैं सितंबर 2026 में हुए निकाय चुनाव पर. यहां बीजेपी ने कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया था. प्रदेश के 309 शहरी निकायों में बीजेपी ने 203 निकायों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस 85 निकायों तक सीमित रही. लेकिन वोटों का आंकड़ा देखेंगे तो मुकाबला उतना एकतरफा नहीं था, जितना सीटों के नतीजों से दिखाई देता है.

बीजेपी को कुल 37,35,567 वोट मिले थे. वहीं कांग्रेस के खाते में 36,35,952 वोट आए. यानी दोनों पार्टियों के बीच सिर्फ 99,615 वोटों का अंतर रहा. बीजेपी का वोट शेयर 35.18 प्रतिशत और कांग्रेस का करीब 34.24 प्रतिशत था.

इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों का वोट भी काफी अहम रहा. उन्हें करीब 27.38 प्रतिशत वोट मिले. यानी शहरों में मुकाबला सिर्फ बीजेपी और कांग्रेस के बीच नहीं था. बड़ी संख्या में मतदाताओं ने निर्दलीय उम्मीदवारों पर भी भरोसा जताया. निकाय चुनाव के नतीजों ने बीजेपी को शहरी इलाकों में बढ़त जरूर दी, लेकिन वोटों का अंतर बताता है कि दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला काफी करीबी था.

यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत समेत 20 मंत्री नहीं बचा पाए अपनी सियासी जमीन, कांग्रेस ने 23 जिला परिषदों में जमाया कब्जा

पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने कैसे पलटी बाजी?

अब पंचायत चुनाव के नतीजों पर नजर डालिए. निकाय चुनाव में बढ़त बनाने वाली बीजेपी को ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस से पीछे रहना पड़ा. जिला परिषद और पंचायत समिति, दोनों स्तरों पर कांग्रेस ने बीजेपी से ज्यादा वोट हासिल किए.

जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को 1 करोड़ 7 लाख 54 हजार 243 वोट मिले. बीजेपी को 93 लाख 58 हजार 526 वोट मिले. दोनों के बीच 13 लाख 95 हजार 717 वोटों का अंतर रहा. यानी कांग्रेस को बीजेपी से करीब 14 लाख वोट ज्यादा मिले.

पंचायत समिति चुनाव में भी तस्वीर कुछ ऐसी ही रही. कांग्रेस को 97 लाख 7 हजार 229 वोट मिले, जबकि बीजेपी को 83 लाख 76 हजार 656 वोट मिले. यहां कांग्रेस की बढ़त 13 लाख 30 हजार 573 वोट की रही. आसान तरीक से बात को समझें तो जिला परिषद हो या पंचायत समिति, दोनों जगह कांग्रेस को बीजेपी से 13 लाख से ज्यादा वोट मिले.

कांग्रेस को ZPS में 437 सीटें और MPS में 1545 सीटें ज्यादा मिली 

वोटों की बढ़त का असर सीटों पर भी दिखाई दिया. जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 794 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी के खाते में 357 सीटें आईं. यानी जिला परिषद में कांग्रेस की सीटें बीजेपी से दोगुने से भी ज्यादा रहीं. ZPS चुनाव में कांग्रेस को बीजेपी से 437 सीटें अधिक मिली. 

पंचायत समिति चुनाव में भी कांग्रेस ने बढ़त बनाए रखी. यहां कांग्रेस के 3,758 उम्मीदवार जीते, जबकि बीजेपी के 2,213 उम्मीदवारों को जीत मिली. MPS चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी के मुकाबले 1,545 सीटें ज्यादा जीतीं.

तीसरी पार्टियों और निर्दलीयों को भी नजरअंदाज नहीं कर सकते

इस चुनाव में निर्दलीय और क्षेत्रीय पार्टियों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा. निकाय चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों को करीब 27.38 प्रतिशत वोट मिले थे. वहीं पंचायत चुनाव में भी निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. पंचायत समिति चुनाव में निर्दलीयों को 662 सीटें मिलीं. जिला परिषद में भी 13 निर्दलीय उम्मीदवार जीते.

इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) जैसी पार्टियों ने भी ग्रामीण इलाकों में अपनी जगह बनाई. जिला परिषद में RLP को 51 और BAP को 43 सीटें मिलीं. पंचायत समिति में RLP ने 497 और BAP ने 278 सीटें जीतीं. यदि RLP, BAP, BSP, माकपा और AAP के वोट शेयर जोड़ जाए तो 12.52% होता है. जो किसी भी चुनाव में निर्णायक होता है.

यह भी पढ़ें: राजस्थान पंचायत चुनाव में RLP का दबदबा! CM भजनलाल के इलाके सांगानेर में हनुमान बेनीवाल बनाएंगे अपना प्रधान!

2028 विधानसभा चुनाव से पहले क्या संकेत मिल रहे हैं?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पंचायत चुनाव के नतीजे 2028 के विधानसभा चुनाव की तस्वीर भी बदल सकते हैं? इसका जवाब अभी किसी के पास नहीं है. पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त को विधानसभा चुनाव में जीत की गारंटी नहीं माना जा सकता. इसी तरह निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत का मतलब यह भी नहीं कि ग्रामीण इलाकों में उसका प्रभाव उतना ही मजबूत है. लेकिन पिछले कुछ चुनावों के आंकड़े एक दिलचस्प तस्वीर जरूर दिखाते हैं.

- 2018 विधानसभा चुनाव: कांग्रेस को बीजेपी से 1.77 लाख ज्यादा वोट मिले और प्रदेश में सरकार बदली.

- 2023 विधानसभा चुनाव: बीजेपी को कांग्रेस से 8.45 लाख ज्यादा वोट मिले और सत्ता परिवर्तन हुआ.

- सितंबर 2026 निकाय चुनाव: बीजेपी को कांग्रेस से करीब 99 हजार ज्यादा वोट मिले. शहरी निकायों में बीजेपी आगे रही.

- नवंबर 2026 पंचायत चुनाव: कांग्रेस को जिला परिषद में करीब 13.95 लाख और पंचायत समिति में करीब 13.30 लाख ज्यादा वोट मिले.

इन आंकड़ों को देखें तो राजस्थान में हर चुनाव में मतदाताओं का रुझान एक जैसा नहीं रहा है. शहरी और ग्रामीण इलाकों में अलग-अलग मुद्दे और स्थानीय समीकरण चुनावी नतीजों को प्रभावित करते हैं.

2028 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के सामने ग्रामीण इलाकों में अपनी स्थिति को समझने और सुधारने की चुनौती होगी. वहीं कांग्रेस के लिए पंचायत चुनाव के प्रदर्शन को विधानसभा स्तर पर बनाए रखना अहम होगा.