Ganga Expressway Ground report : AI टोल सिस्टम से लैस गंगा एक्सप्रेसवे पर 594 KM का सफर महज 6 घंटे में, खुद सफर कर Reporter ने बताए अनुभव
आशीष श्रीवास्तव
27 Apr 2026 (अपडेटेड: Apr 27 2026 6:04 PM)
गंगा एक्सप्रेसवे अब तैयार है! आज तक की ग्राउंड रिपोर्ट में जानें मेरठ से प्रयागराज का सफर 6 घंटे में कैसे होगा पूरा. 36,000 करोड़ की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे की हाईटेक सुविधाओं, टोल प्लाजा और आधुनिक फूड कोर्ट का पूरा अनुभव यहां जानें.
ADVERTISEMENT


1/7
|
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा और देश के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में शामिल गंगा एक्सप्रेसवे बनकर अब लगभग तैयार है. 594 किमी लंगा, 6 लेन वाला हाई स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को बनाने में 36,000 करोड़ की लागत आई है. दावा किया जा रहा है कि मेरठ से प्रयागराज जाने में जहां 10-12 घंटे लगते थे वहीं इस एक्सप्रेसवे से यात्रा करने पर ये दूरी महज 6 घंटे में ही तय की जा सकेगी. 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करने वाले हैं. इससे पहले Aaj Tak की टीम ने इसपर सफर कर इसके ट्रैवल टाइम, सफर के अनुभव को जाना.


2/7
|
12 जिलों और 519 गांवों को जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे पर सफर को तैयार Aaj तक की टीम प्रयागराज के शुरुआती प्वाइंट पर पहुंची. तब सुबह के 11 बज रहे थे. टीम ने वाराणसी-कानपुर हाईवे से गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले पहले गेट से सफर को शुरूआत की. आगे बढ़ते ही धनुष के आकार का भव्य और आधुनिक टोल प्लाजा दिखाई दिया, जो बेहद आकर्षक बना हुआ है.
ADVERTISEMENT


3/7
|
टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में जाकर पता चला कि यहां सिर्फ टोल वसूली ही नहीं, बल्कि हाईटेक कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी. बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों तक का चालान सीधे उनके पते पर पहुंच सकेगा. गंगा एक्सप्रेसवे की सबसे खास बात इसका मल्टीपल इंटरचेंज सिस्टम है. यहां से वाहन चालक किसी भी दिशा में मुड़कर किसी भी स्टेट हाईवे या नेशनल हाईवे पर जा सकते हैं. जरूरत पड़ने पर यू-टर्न लेकर वापस लौटने की भी सुविधा है.


4/7
|
आगे बढ़ने पर हर 50 से 55 किलोमीटर पर आधुनिक फूड प्लाजा दिखाई दिए. इनमें फूड कोर्ट, कैफेटेरिया, देशी ढाबा, बच्चों के लिए प्ले एरिया, पेट्रोल पंप, सीएनजी स्टेशन और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं. बड़ी और छोटी गाड़ियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं दी गई हैं. यहां 400 वाहनों की पार्किंग क्षमता है, जबकि ट्रक और बस चालकों के लिए चार्जिंग सुविधा और मुफ्त डॉर्मेट्री की सुविधा है. यानी ड्राइविंग की थकान भी मिटाई जा सकती है.
ADVERTISEMENT


5/7
|
यात्रा के दौरान एक्सप्रेसवे पर ICU सुविधा वाले अस्पताल और एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भी देखने को मिलीं. गंभीर मरीजों का तत्काल इलाज यहीं किया जा सकेगा. हर 20 किलोमीटर पर एक पुलिस वाहन और एक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है. ड्राइवर को थकान से राहत देने के लिए कुछ देर बाद हमने खुद गाड़ी चलाकर एक्सप्रेसवे का अनुभव लिया. सड़क इतनी स्मूद थी कि गाड़ी बिना किसी कंपन के आराम से दौड़ती नजर आई.


6/7
|
शाहजहांपुर के पास करीब 3 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है, जहां आपात स्थिति में लड़ाकू विमान उतर सकते हैं. यह गंगा एक्सप्रेसवे का सबसे शानदार हिस्सा नजर आया. यहां सुखोई जैसे फाइटर जेट भी उतारे जा सकते हैं. शाम होते-होते हमने 457 किलोमीटर की दूरी तय कर ली थी. इसके बाद IRB कंपनी द्वारा बनाए गए हाईटेक टोल प्लाजा पर पहुंचे, जहां बैरियरलेस ऑटोमैटिक टोल सिस्टम लगे हैं. इसमें वाहन बिना रुके 120 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजर सकते हैं और टोल अपने आप कट जाएगा. यह व्यवस्था फिलहाल ट्रायल पर है, जिसे भविष्य में अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा.
ADVERTISEMENT


7/7
|
यहीं एक्सप्रेसवे की सबसे यूनिक सुरक्षा तकनीक भी देखने को मिली. सड़क के दोनों किनारों पर व्हाइट अलर्ट स्ट्रिप लगाई गई है. यदि किसी चालक को झपकी आए और वाहन इन स्ट्रिप्स पर चढ़ जाए, तो तेज कंपन और आवाज पैदा होगी, जिससे चालक तुरंत सतर्क हो जाएगा और दुर्घटना टल सकेगी. हमने इसे खुद कार में बैठकर और बाहर से भी जांचा. रात करीब 12:30 बजे हम मेरठ पहुंचे, जो गंगा एक्सप्रेसवे का अंतिम प्वाइंट है. गंगा एक्सप्रेसवे आगरा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे से भी जुड़ा हुआ है. यानी दिल्ली से करीब 78 किलोमीटर दूर इस एक्सप्रेसवे पर चढ़कर सीधे प्रयागराज तक पहुंचा जा सकता है. इस पूरी यात्रा को 120 किमी की रफ्तार पर 6 घंटे में पूरा किया. इसमें हर जिले तक पहुंचने के लिए इंटरचेंज बनाए गए हैं, जिससे किसी भी दिशा में राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों से सीधा जुड़ाव संभव है. दिल्ली के इंडिया गेट से बिहार तक सीधा जय जा सकता है.
ADVERTISEMENT








