Ankit Baliyan Murder Case Akhilesh Yadav Phone Call: शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की ताबड़तोड़ फायरिंग कर की गई निर्मम हत्या का मामला अब केवल एक आपराधिक घटना तक सीमित नहीं रह गया है. 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले यह मुद्दा पश्चिमी यूपी की 'जाट पॉलिटिक्स' का मुख्य केंद्र बनता जा रहा है.
घटना के तीसरे दिन कैराना से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद इकरा हसन अंकित बालियान के पैतृक गांव बंतीखेड़ा पहुंचीं, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की अंकित के पिता से फोन पर बात कराई.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने फोन पर अंकित के पिता की बात
सपा सांसद इकरा हसन की मौजूदगी में अंकित के पिता और रिटायर्ड फौजी सतवीर सिंह की बातचीत अखिलेश यादव से फोन पर हुई. अखिलेश यादव ने कहा "दुख की इस घड़ी में हम आपके साथ हैं. अंकित एक उभरता हुआ सितारा था. हम इंसाफ की इस लड़ाई में आपके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाएंगे." पिता सतवीर सिंह ने कहा कि "हम भी आपके साथ हैं."
जब अखिलेश यादव ने आगे की मांग पूछी, तो पिता ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पुलिस को 4 दिन का अल्टीमेटम दिया है और वे हत्यारों का सिर्फ एनकाउंटर चाहते हैं.
बातचीत के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार और उनके निष्क्रिय सहयोगियों के रवैये से बालियान समाज हताश है और सपा परिवार उनके साथ अन्याय नहीं होने देगा.
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने किया पलटवार
अखिलेश यादव के बयान और सोशल मीडिया पोस्ट पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. जयंत चौधरी ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा: "हत्या जैसे संगीन अपराध में भी मृतक की जाति को तलाशना और यह कहना कि उसकी जाति के लोगों में आक्रोश है, यह अपने आप में घोर संवेदनहीनता है." पश्चिमी यूपी के सियासी गलियारों में अखिलेश यादव और जयंत चौधरी के बीच इस जुबानी जंग ने हलचल तेज कर दी है.
बंतीखेड़ा में सियासी दिग्गजों का जमावड़ा
बंतीखेड़ा में अंकित बालियान के घर पर लगातार सियासी नेताओं का पहुंचना जारी है. पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता संजीव बालियान के बाद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और सपा सांसद इकरा हसन ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई. इकरा हसन ने पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए, वहीं परिवार की अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत भी हुई. मामले को लेकर जयंत चौधरी की प्रतिक्रिया के बाद अब पश्चिमी यूपी में सियासी हलचल और तेज होती दिख रही है.
8 टीमों की हरियाणा में छापेमारी, गोगी गैंग से जुड़े तार?
वारदात के कारणों की जांच में जुटी यूपी पुलिस के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि पुलिस की 8 टीमें हरियाणा, दिल्ली और आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं. पुलिस दावा कर रही है कि वे शूटरों के बेहद करीब पहुंच चुके हैं.
प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि अंकित बालियान ने दिल्ली के कुख्यात गोगी गैंग के खिलाफ एक गाना लिखा था, जिसे लेकर उन्हें धमकियां मिल रही थीं. हालांकि, पुलिस का कहना है कि 2 बाइकों पर आए 4 हमलावरों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असली वजह का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा.
ADVERTISEMENT


