'हमारा तो सबकुछ खत्म हो गया...' रोते-बिलखते अंकित बालियान की पत्नी ने सीएम योगी से लगाई गुहार, भावुक कर देगा वीडियो 

शरद मलिक

29 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 29 2026 4:22 PM)

Ankit Baliyan Murder Case: शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेआम हत्या के बाद उनकी पत्नी स्वाति का रो-रोकर बुरा हाल है. स्वाति ने सीएम योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा कि अगर पुलिस ने जल्द आरोपियों को नहीं पकड़ा, तो पूरा परिवार सीएम आवास के सामने आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होगा.

अंकित बालियान की पत्नी स्वाति का रो-रोकर बुरा हाल!
अंकित बालियान की पत्नी स्वाति का रो-रोकर बुरा हाल!
Google CTA

Ankit Baliyan Murder Case: शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की सरेआम गोलियों से भूनकर की गई हत्या के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. अंकित की पत्नी स्वाति का एक भावुक और दर्दनाक बयान सामने आया है, जिसमें वह बिलखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगा रही हैं.

Read more!

स्वाति ने पुलिस प्रशासन की ढिलाई पर सीधे सवाल खड़े करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द उनके पति के कातिलों को सख्त सजा नहीं मिली, तो पूरा परिवार लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर जाकर आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर हो जाएगा.

"अंकित का क्या कसूर था? वह तो समाज के लिए गाने बना रहा था"

रोते-बिलखते हुए स्वाति ने कहा कि "3 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक कुछ नहीं कर पाई. हमारे घर का तो सब कुछ चला गया, वही एक कमाने वाला था. वृद्ध मां-बाप और एक छोटा भाई है, पूरा परिवार खत्म हो गया. अंकित ने किसी का क्या बिगाड़ा था? वह तो गानों के जरिए युवाओं और समाज के लिए अच्छी सोच रखता था. क्या समाज के लिए काम करना ही उसका कसूर बन गया?"

स्वाति ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, "आप (सीएम योगी) कहते हैं कि यूपी में कोई माफियागिरी और गुंडागर्दी नहीं है, तो फिर बीच बाजार दिनदहाड़े ऐसा कैसे हो गया? हमें इंसाफ दे दो योगी जी, वरना हमें भी मार दो या हम खुद ही सीएम आवास के सामने आकर अपनी जान दे देंगे."

500 गज की दूरी पर कोतवाली, फिर भी सरेआम गोलियां क्यों?

परिजनों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि जिस जिम के बाहर अंकित बालियान पर हमला हुआ, वहां से महज 500 गज की दूरी पर कोतवाली है और घटनास्थल के पास अक्सर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं. 26 अगस्त की शाम करीब 4 बजे अंकित जिम पहुंचे थे. करीब 6:30 बजे जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो की ओर बढ़ते ही घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. करीब 30 सेकंड में 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गईं. गंभीर हालत में अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सीसीटीवी फुटेज में दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश हमलावर भी नजर आ रहे हैं.

यह पढ़ें: 'हमारा तो सबकुछ खत्म हो गया...' रोते-बिलखते अंकित बालियान की पत्नी ने सीएम योगी से लगाई गुहार, भावुक कर देगा वीडियो 

8 टीमें हरियाणा में दे रहीं दबिश, पुलिस का दावा- जल्द होगा खुलासा

मामले में बढ़ते जनआक्रोश और राजनीतिक हलचल के बीच शामली पुलिस और पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय लगातार कार्रवाई में जुटे हैं. पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के खुलासे के लिए 8 विशेष टीमें हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी के पड़ोसी जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं. सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसटीएफ और स्वाट टीमें भी जांच में जुटी हैं. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच में संतोषजनक प्रगति हुई है और जल्द ही मुख्य शूटरों व साजिश में शामिल लोगों को बेनकाब कर गिरफ्तार किया जाएगा.

कैराना सांसद इकरा हसन, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और आरएलडी के कई वरिष्ठ नेता पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे हैं. परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर इंसाफ और अपराधियों का खात्मा चाहिए.

यह भी पढ़ें:  अंकित बालियान के पिता से सपा चीफ अखिलेश यादव ने फोन पर की बात, जानें दोनों के बीच क्या हुई बातचीत