Baghpat double murder case: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. चांदी नगर थाना क्षेत्र के लहचोड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर में हुई दो युवकों की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. हत्या के बाद शवों को मंदिर परिसर में ही दफनाकर ऊपर से टाइल्स बिछा दी गई थीं. पुलिस ने इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी महंत नरेशनाथ को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी अपना हुलिया बदलकर एक मंदिर के बाहर भिखारी बनकर रह रहा था.
ADVERTISEMENT
25 जुलाई से लापता थे दोनों दोस्त फिर 13 अगस्त को मिले शव
सिंगौली तगा गांव के रहने वाले अंकित और उसका दोस्त इसरार 25 जुलाई को अचानक लापता हो गए थे. परिजनों की काफी खोजबीन के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन और सुराग खंगालने शुरू किए तो जांच की सुई लहचोड़ा गांव के गणेश मंदिर की तरफ मुड़ी. 13 अगस्त को जब पुलिस ने मंदिर परिसर में खुदाई कराई तो जमीन के नीचे से अंकित और इसरार के शव बरामद हुए. हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए शवों पर टाइल्स बिछा दी गई थीं.
अफेयर, तस्वीरें और ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में हत्या के पीछे की खौफनाक वजह सामने आई. आरोपी महंत नरेशनाथ का अंकित की बहन के साथ प्रेम संबंध था. अंकित को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी और उसके पास दोनों से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी थीं. आरोप है कि अंकित इन्हीं तस्वीरों के जरिए महंत पर दबाव बना रहा था और पैसों की मांग कर रहा था. बदनामी के डर से महंत नरेशनाथ ने अपने शिष्यों और बेटे के साथ मिलकर अंकित को रास्ते से हटाने की साजिश रची. वारदात के दिन अंकित के साथ उसका दोस्त इसरार भी मौजूद था, जिसके चलते साक्ष्य मिटाने की नीयत से दोनों की हत्या कर दी गई.
हरिद्वार से नेपाल और कोलकाता तक फरारी
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी महंत फरार हो गया था. वह पहले हरिद्वार पहुंचा और गंगा स्नान किया. इसके बाद वह सीमा पार कर नेपाल चला गया. हालांकि, नेपाल में बाढ़ के हालात बनने के बाद वह वहां से भागकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता पहुंच गया. कोलकाता के विधान नगर इलाके में उसने अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया और भिखारी का भेष बनाकर एक मंदिर के बाहर रहने लगा. सर्विलांस और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद से बागपत पुलिस की टीम कोलकाता पहुंची और 25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है.
यह भी पढ़ें: लखनऊ: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रखी ऐसी साजिश कि पति भांप नहीं पाया, बाइक चोरी बनी हत्याकांड की पहली सीढ़ी
ADVERTISEMENT


